गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: नगर निगम गुरुग्राम द्वारा हरियाली बढ़ाने एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के तहत वार्ड-19 के अंतर्गत आने वाले अरावली क्षेत्र, गांव भोंडसी में पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस अवसर पर वार्ड के पार्षद अमित भड़ाना तथा बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने भाग लेकर इस अभियान को सफल बनाया।
पौधारोपण कार्यक्रम के तहत क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के छायादार और पर्यावरण के अनुकूल पौधे लगाए गए। पार्षद अमित ने कहा कि अरावली क्षेत्र में हरियाली बनाए रखना न केवल क्षेत्र की सुंदरता के लिए आवश्यक है, बल्कि यह पर्यावरणीय संतुलन, जैव विविधता और स्वच्छ हवा के लिए भी जरूरी है।
उन्होंने स्थानीय निवासियों से आह्वान किया कि वे लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करें, ताकि ये पौधे वृक्ष बनकर आने वाली पीढ़ियों को लाभ पहुंचा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम द्वारा ऐसे अभियान समय-समय पर विभिन्न वार्डों में चलाए जाएंगे और नागरिकों की भागीदारी से ही यह प्रयास सफल हो पाएंगे।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए पौधारोपण में उत्साहपूर्वक भाग लिया और पौधों की देखभाल का संकल्प लिया। नगर निगम का उद्देश्य शहर को हरा-भरा और स्वच्छ बनाना है, और इस दिशा में नागरिकों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।

