
गुरुग्राम,सतीश भारद्वाज :गुरुग्राम में पिछले दिनों से हो रही लगातार बारिश से जहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो रहा है। वहीं भाजपा के कार्यकर्ता व मंत्री मीडिया द्वारा खबर छापने व दिखाने पर खासे नाराज दिखाई दे रहे हैं। जिसके बारे में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम में जलभराव की स्थिति को लेकर मीडिया पर ही यह आरोप लगा दिया कि समस्या को काफी बढ़ा-चढ़ाकर दिखा रही है। वे दो दिनों से चण्डीगढ़ में थे, बरसात में सभी जगह शहरों में पानी भर जाता है जो एक डेढ़ घंटे में निकल जाता है।
मंत्री ने उक्त बात एक कार्यक्रम में कहीं भारी बारिश के कारण गुरुग्राम में पानी भर गया, लेकिन मीडिया ने “गुड़गांव डूब गया” दिखाकर ज्यादा समस्या ज्यादा बताई गई। वहीं मंत्री ने सफाई दी कि भारत में ऐसा कोई भी शहर नहीं है जो एक घंटे में 50-55 मिमी बारिश को तुरंत निकाल सके। गुरुग्राम में दो दिन पहले दिन रात बरसात हुई। जिससे कुल 119 मिमी पानी गिरा। उन्होंने कहा कि इतनी भारी बारिश में जलभराव होना स्वाभाविक है।
बारिश के दौरान सुभाष चौक पर कुछ इस तरह के हालात बन गए थे। उन्होंने कहा कि बारिश के समय फोटो और वीडियो बनाकर स्थिति को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया जाता है। अगर आप एक-डेढ़ घंटे बाद शहर में जाएं, तो केवल नाममात्र का पानी दिखेगा। प्रशासन ने इस समस्या से निपटने के लिए पूरी मेहनत की है। मीडिया जलभराव की तस्वीरें खींचकर और घुटनों तक पानी में खड़े होकर यह दिखाने की कोशिश करता है कि शहर में बाढ़ आ गई है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आपके घरों में भी भारी बारिश में पानी भर जाता है। अगर 113 या 125 मिमी बारिश होगी, तो कोई भी सरकार इसे पूरी तरह रोक नहीं सकती। राव नरबीर ने दावा किया कि प्रशासन ने जल निकासी के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था की है और भारी बारिश के बाद भी शहर में डेढ़ घंटे के भीतर स्थिति सामान्य हो जाती है। पिछले सप्ताह हुई बारिश के बाद जलभराव में जैकमपुरा के लोगों ने नाव चलाकर सरकार और प्रशासन के दावों की पोल खोलने का काम किया था।
दरअसल गुरुग्राम में तेजी से शहरीकरण के बावजूद जल निकासी की समस्या लंबे समय से चली आ रही है। भारी बारिश के दौरान शहर के कई इलाकों में जलभराव से यातायात और जनजीवन प्रभावित होता है। गुरुग्राम के सांसद और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत भी खुद कह चुके हैं कि जलभराव को लेकर इंटरनेशनल फजीहत होती है।
शहर वासियों का इसपर यही कहना है कि मीडिया पर दोष देने के बजाय भाजपा सरकार को स्थायी समाधान पर ध्यान देना चाहिए। मानसून के मौसम में और बारिश की संभावना के बीच प्रशासन पर बेहतर प्रबंधन का दबाव बढ़ रहा है। हालांकि राव नरबीर ने नागरिकों को आश्वासन दिया कि सरकार जलभराव की समस्या से निपटने के लिए दिन-रात काम कर रही है। उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि वह शहर की चुनौतियों के साथ-साथ प्रशासन की कोशिशों को भी सामने लाने का काम करें।
बता दें कि गुरुग्राम में जल भराव की समस्या को लेकर प्रशासन सतर्क जरूर है लेकिन कहीं-कहीं पर यह कार्रवाई होती नजर आती है। जिसके फोटो भी स्वयं गुरुग्राम जाते हुए आज पुलिस नगर निगम व जिला प्रशासन के प्रो की तरफ से भी मीडिया में जारी होते हैं, फिर भी मंत्री राव नरबीर कभी कभी अपने पुराने अंदाज में कुछ भी मंच से बोल देते हैं,बाद में उसकी सफाई भी जल्दी ही मीडिया में दे देते हैं। जैसा कि फरीदाबाद की ग्रीवेंस कमेटी की मीटिंग का ताजा मामला है।
