कैथल, सतीश भारद्वाज : हरियाणा के जिला कैथल कोर्ट में उस समय हंगामा हो गया जब अदालत ने एक पुलिस इंस्पेक्टर को 1 घंटे के लिए अदालत में पेशी के लिए आने वाले आरोपियों के लिए बनी हवालात में रहने के आदेश दे दिया। जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। कैथल की एक विशेष अदालत में वीरवार को यह घटना उस समय हुई जब अदालत में स्टेट ऑफ हरियाणा बनाम गौरव केस की सुनवाई कर रही थी। इस दौरान अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहित अग्रवाल की अदालत ने पुलिस के जांच अधिकारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार को गवाही के लिए बार-बार सम्मन भेजने पर गैरहाजिर रहने पर एक घंटे के लिए हिरासत में रखने के आदेश दिए। पुलिस ने आदेश के बाद इंस्पेक्टर को सुबह 10:30 से 11:30 बजे तक कोर्ट परिसर में बंदियों के लिए बने बक्शीखाना (सलाखों के पीछे बने कमरे) में रखा गया। जिससे अदालत की सख्ती से विभाग में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार इंस्पेक्टर राजेश कुमार वर्तमान में सिरसा जिले के बड़ाबूढ़ा थाने में बतौर SHO के पद पर तैनात हैं। उन पर आरोप था कि वह कई बार गवाही के लिए अदालत में उपस्थित नहीं हुए, जिसके चलते अदालत ने 29 अगस्त को उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिए थे। वीरवार को जब वह गवाही देने पहुंचे तो अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें हिरासत में रखने का आदेश दे दिया।इस मामले में प्रिजनर एस्कॉर्ट इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि नायब कोर्ट, रीडर और पीपी ने उन्हें सलाखों में डालने के मौखिक आदेश दिए, लेकिन मौके पर कोई लिखित आदेश उपलब्ध नहीं था। करीब एक घंटे बाद जब लाइव कोर्ट से लिखित आदेश मिला तब इंस्पेक्टर को कोर्ट में पेश किया गया।
बता दें कि यह मामला 2021 में सीवन थाना क्षेत्र के क्कहेड़ी गांव में हुई हत्या से जुड़ा है। शिकायतकर्ता राजवीर सिंह ने अपने भतीजे मनीष की हत्या की FIR दर्ज करवाई थी,जिसके जांच अधिकारी उस समय इंस्पेक्टर राजेश कुमार थे,जिसका मामला अदालत में चल रहा था, जिसमें इंस्पेक्टर की गवाही होनी थी, अदालत उनको कई बार गवाही के लिए सम्मन भेजा चुकी थी,वह पेश नहीं हो रहा था, जिससे अदालत की सुनवाई प्रभावित हो रही थी। वीरवार को जब पुलिस इंस्पेक्टर अदालत में पेश हुआ तो अदालत ने उसे 1 घंटे के लिए जेल भेजने का आदेश सुना दिया। कैथल की अदालत के इस आदेश को भविष्य के लिए एक नजीर माना जा रहा है। अदालत के इस आदेश के बाद पुलिस अधिकारी अदालत में गवाही में ज्यादा देरी करने से बचने की कोशिश अवश्य करेंगे।

