पलवल, सतीश कौशिक: हरियाणा सरकार में खेल एवं कानून मंत्री गौरव गौतम ने आज गांव पेलक में आयोजित भव्य महायज्ञ में पहुंचकर पूर्णाहुति अर्पित की और भगवान से समस्त प्रदेशवासियों तथा पलवल क्षेत्र के निवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि धार्मिक अनुष्ठान और यज्ञ हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं के अभिन्न अंग हैं। ऐसे आयोजन न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मकता, सद्भाव और आपसी भाईचारे की भावना को भी मजबूत करते हैं।
मंत्री ने कहा कि पेलक गांव में इतने भव्य स्तर पर महायज्ञ का आयोजन पलवल क्षेत्र के लिए विशेष अवसर है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन से पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण होता है और लोगों को भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ-साथ एक-दूसरे के करीब आने का अवसर मिलता है। उन्होंने महायज्ञ के आयोजकों और इसमें सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं को बधाई देते हुए कहा कि समाज में सुख-शांति और समृद्धि के लिए सामूहिक रूप से किए जाने वाले ऐसे धार्मिक आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं।
महायज्ञ में पूर्णाहुति देने के उपरांत खेल मंत्री ने गांव बहिन में डागर पाल की ओर से आयोजित 52 पाल की कथा एवं भंडारे में भी शामिल हुए। इस दौरान डागर पाल की ओर से उनका फूल-मालाओं और पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। ग्रामीणों और आयोजकों ने मंत्री का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य लोग, सामाजिक प्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे। इस अवसर पर मंत्री श्री गौतम ने कहा कि डागर पाल की ओर से आयोजित 52 पाल की कथा और भंडारे में पहुंचकर उन्हें बेहद गर्व और प्रसन्नता की अनुभूति हुई है। उन्होंने कहा कि हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराएं हमें आपस में जोड़ने का काम करती हैं। 52 पाल की कथा जैसे सामूहिक आयोजन समाज की एकता, संगठन और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे कार्यक्रमों में सभी वर्गों और समुदायों के लोग एक साथ बैठते हैं, जिससे आपसी मेलजोल बढ़ता है और सामाजिक रिश्ते मजबूत होते हैं।
मंत्री ने क्षेत्र के लोगों से अपील करते हुए कहा कि समाज में इस प्रकार के सामूहिक धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर होना चाहिए। इन आयोजनों का उद्देश्य केवल धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करना नहीं, बल्कि समाज में फैले आपसी द्वेष, नफरत और भेदभाव को समाप्त कर प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना भी होना चाहिए। जब समाज के लोग एक मंच पर एकत्रित होकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते हैं, तो सामाजिक समरसता की भावना और अधिक मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र की असली ताकत वहां के लोगों की एकता, आपसी सहयोग और सामाजिक सद्भाव में निहित होती है। समाज में ऊंच-नीच, जाति-पाति और आपसी वैमनस्य से ऊपर उठकर सभी को एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनना चाहिए। सामूहिक भंडारे और धार्मिक कथाएं हमें समानता, सेवा, सहयोग और मानवता का संदेश देती हैं। ऐसे आयोजनों में सभी लोगों की भागीदारी समाज को एक नई दिशा देने का काम करती है।गौरव गौतम ने कहा कि पलवल क्षेत्र की अपनी गौरवशाली सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराएं हैं। यहां के लोगों ने हमेशा आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और धार्मिक सद्भाव को प्राथमिकता दी है। इन परंपराओं को आगे बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि डागर पाल द्वारा इतने बड़े स्तर पर कथा एवं भंडारे का आयोजन करना सराहनीय पहल है।

