गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: जिला परिषद के सीईओ सुमित कुमार ने सोमवार को लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की शिकायतें सुनीं। शिविर में कुल 10 शिकायतें प्राप्त हुईं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्यवाही करते हुए निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सुनवाई के दौरान उन्होंने अधिकारियों से मामलों की स्थिति की जानकारी ली और लंबित शिकायतों पर तेजी से कार्यवाही करने को कहा।सीईओ ने कहा कि समाधान शिविरों में आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और उनके समाधान की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। अधिकारी शिकायतों की नियमित समीक्षा करें और जिन मामलों में विभागीय स्तर पर कार्यवाही लंबित है, उन्हें तय समय में पूरा करें। साथ ही शिकायतकर्ताओं को उनके मामलों में हुई प्रगति की जानकारी भी दी जाए, ताकि उन्हें बार-बार कार्यालयों में न आना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने और नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने को कहा। शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और प्रत्येक मामले में जिम्मेदारी के साथ कार्यवाही की जाए।उन्होंने बताया कि जिला एवं उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर नागरिकों की शिकायतें सुनते हैं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही करते हैं। आमजन इन शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रख सकते हैं।
इस अवसर पर एमओ डॉ. हरीश कुमार, एलडीएम विनोद कुमार बजाज, डिप्टी डीईओ दीप्ति बोकन, गीता आर्या, एसडीओ सुमन कश्यप, मनीष, एईओ ज्योति, इंस्पेक्टर मीनाक्षी, सीएम विंडो की एमिनेंट पर्सन सुषमा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
