गुरुग्राम, सतीश कौशिक : फेफड़ों के गंभीर और अंतिम चरण के रोगों से जूझ रहे मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट (एफएमआरआई), गुरुग्राम ने लंग फेलियर क्लीनिक की शुरुआत की है। इस क्लीनिक में फेफड़ों के गंभीर रोगों के इलाज, लंग ट्रांसप्लांट के मूल्यांकन, पल्मोनरी रिहेबिलिटेशन और प्रत्यारोपण के बाद देखभाल सहित कई विशेषज्ञ सेवाएं एक ही जगह उपलब्ध होंगी।क्लीनिक में इंटरस्टिशियल लंग डिजीज (आईएलडी), पल्मोनरी फाइब्रोसिस, क्रोनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) और अन्य गंभीर श्वसन रोगों से पीड़ित मरीजों का मूल्यांकन एवं उपचार किया जाएगा। मरीजों को मेडिकल ऑप्टिमाइजेशन, उपलब्ध उपचार विकल्पों की जानकारी और जरूरत पड़ने पर लंग ट्रांसप्लांट के लिए जांच की सुविधा भी मिलेगी। प्रत्यारोपण के लिए उपयुक्त मरीजों को अधिकृत ट्रांसप्लांट सेंटर में रेफर करने के साथ प्रत्यारोपण के बाद फॉलो-अप और जटिलताओं की निगरानी भी की जाएगी।

यह क्लीनिक सोमवार से बुधवार तक दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होगा। इसकी देखरेख डॉ. मनोज गोयल, प्रिंसिपल डायरेक्टर एवं यूनिट हेड-पल्मोनोलॉजी एंड स्लीप मेडिसिन, एफएमआरआई गुरुग्राम और डॉ. गोविनी बालासुब्रमणि, डायरेक्टर-लंग ट्रांसप्लांट एंड एडवांस लंग फेलियर, ग्लेनीगल्स हॉस्पिटल, चेन्नई करेंगे।डॉ. गोविनी बालासुब्रमणि ने बताया कि वायु प्रदूषण, तंबाकू के संपर्क, व्यावसायिक जोखिम, संक्रमण और बढ़ती उम्र के कारण फेफड़ों के गंभीर रोगों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। कई मरीज बीमारी के काफी बढ़ जाने के बाद विशेषज्ञों से संपर्क करते हैं। ऐसे में समय पर निदान और उपचार बेहद जरूरी है। क्लीनिक के माध्यम से मरीजों को उचित दवाइयों, पल्मोनरी रिहेबिलिटेशन और जरूरत के अनुसार लंग ट्रांसप्लांट के मूल्यांकन की सुविधा मिलेगी।
डॉ. मनोज गोयल ने कहा कि इस क्लीनिक का उद्देश्य गंभीर श्वसन रोगों से पीड़ित मरीजों और उनके परिजनों को विशेषज्ञ परामर्श देना तथा उपलब्ध उपचार विकल्पों की जानकारी उपलब्ध कराना है। वहीं डॉ. अरुण चौधरी कोटारू, डायरेक्टर एवं यूनिट हेड-पल्मोनोलॉजी ने कहा कि लंबे समय से फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे मरीजों को निरंतर विशेषज्ञ देखभाल की जरूरत होती है। क्लीनिक में मरीजों की स्थिति के अनुसार व्यक्तिगत उपचार और विस्तृत मूल्यांकन पर ध्यान दिया जाएगा।फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट एवं रीजनल डायरेक्टर यश रावत ने कहा कि इस पहल से गंभीर श्वसन रोगों के मरीजों को समय पर निदान, विशेषज्ञों की संयुक्त देखभाल और फेफड़ों के प्रत्यारोपण जैसे उन्नत उपचार विकल्पों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि दिल्ली-एनसीआर में फोर्टिस मानेसर, फोर्टिस एस्कॉर्ट्स फरीदाबाद, फोर्टिस शालीमार बाग, फोर्टिस वसंत कुंज और फोर्टिस नोएडा सहित फोर्टिस के अन्य अस्पतालों में भी लंग फेलियर क्लीनिक संचालित किए जा रहे हैं।
