गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त डॉ पंकज यादव ने शहर में विकास एवं रखरखाव कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, सफाई व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाने तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने की दिशा में दो महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के तहत अब बागवानी कार्यों, विकास कार्यों, नालों एवं सीवर लाइनों की सफाई से संबंधित भुगतान करने से पहले संबंधित वार्ड पार्षद से कार्य संतोषजनक ढंग से पूरा होने की रिपोर्ट प्राप्त करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही सभी वार्डों में तैनात नियमित एवं आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति का संबंधित वार्ड पार्षद द्वारा मौके पर सत्यापन भी किया जा सकेगा।
*पार्षद की संतुष्टि रिपोर्ट पर होगा भुगतान*
निगमायुक्त द्वारा मंगलवार को जारी आदेश के अनुसार, बागवानी कार्यों, विकास कार्यों तथा नालों एवं सीवर लाइनों की सफाई से संबंधित सभी भुगतान फाइलों को संबंधित वार्ड पार्षद से संतुष्टि रिपोर्ट प्राप्त करने के बाद ही आगे की प्रक्रिया के लिए भेजा जाएगा। संबंधित पार्षद द्वारा यह रिपोर्ट दी जाएगी कि उनके वार्ड अथवा क्षेत्र में संबंधित कार्य संतोषजनक ढंग से पूरा किया गया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि निगम द्वारा जिन कार्यों के लिए भुगतान किया जा रहा है, वे वास्तव में निर्धारित गुणवत्ता एवं अपेक्षाओं के अनुरूप पूरे हुए हों।निगमायुक्त ने अतिरिक्त आयुक्तों, सभी संयुक्त आयुक्तों, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंताओं, कार्यकारी अभियंताओं, सहायक अभियंताओं और कनिष्ठ अभियंताओं को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अपने-अपने जोन एवं वार्ड से संबंधित भुगतान फाइलों की प्रक्रिया में इन आदेशों का विशेष ध्यान रखें।
*सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति का पार्षद कर सकेंगे भौतिक सत्यापन*
शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए जारी एक अन्य आदेश के तहत नगर निगम के अधिकार क्षेत्र के सभी वार्डों में तैनात नियमित एवं आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति का संबंधित वार्ड पार्षद द्वारा मौके पर सत्यापन किया जा सकेगा। आदेश के अनुसार, संबंधित पार्षद अपनी इच्छा के अनुसार सुबह और शाम की शिफ्ट के दौरान सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच कर सकेंगे। इस व्यवस्था से यह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि वार्डों में तैनात सफाई कर्मचारी वास्तव में अपने निर्धारित कार्यस्थल पर उपस्थित रहकर जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
*वरिष्ठ सफाई निरीक्षक की होगी जवाबदेही*
आदेश में संबंधित जोन/वार्ड के वरिष्ठ सफाई निरीक्षक को निर्देश दिए गए हैं कि वे वार्ड पार्षद के साथ समन्वय स्थापित करें और आवश्यकता पड़ने पर उपस्थिति रजिस्टर तथा कर्मचारियों का रिकॉर्ड समय पर पार्षद के समक्ष प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। वरिष्ठ सफाई निरीक्षक को इस पूरी प्रक्रिया में सहयोग एवं समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि समन्वय में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। ये निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
*जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से मजबूत होगी निगरानी व्यवस्था*
निगमायुक्त डॉ.पंकज ने कहा कि इन आदेशों का उद्देश्य विकास कार्यों और सफाई व्यवस्था की निगरानी में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करना है। संबंधित वार्ड पार्षद अपने क्षेत्र में होने वाले कार्यों की स्थिति से परिचित होते हैं। ऐसे में उनकी संतुष्टि रिपोर्ट के आधार पर भुगतान प्रक्रिया को आगे बढ़ाने से कार्यों की गुणवत्ता और जवाबदेही को मजबूत करने में मदद मिलेगी। इसी प्रकार सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति के भौतिक सत्यापन से वार्ड स्तर पर सफाई व्यवस्था की निगरानी अधिक प्रभावी हो सकेगी।

