गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हरियाणा सरकार द्वारा वर्ष 2026-27 के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को 8 मार्च 2027 को सम्मानित किया जाएगा। इस संबंध में महिला एवं बाल विकास विभाग, हरियाणा की ओर से राज्य स्तरीय पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। एडीसी सोनू भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि इन पुरस्कारों का उद्देश्य समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित करना तथा अन्य महिलाओं को भी उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि विभिन्न श्रेणियों में दिए जाने वाले पुरस्कारों में सुषमा स्वराज पुरस्कार के तहत 5 लाख रुपये, इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार के तहत 1.50 लाख रुपये, कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार के तहत 1 लाख रुपये तथा बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार के तहत 1 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।वहीं इसके अतिरिक्त लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार के तहत 51 हजार रुपये, सरकारी कर्मचारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं महिला उद्यमियों को 21-21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा। सरकारी कर्मचारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की श्रेणी में 4-4 तथा महिला उद्यमियों की श्रेणी में 2 पुरस्कार दिए जाएंगे।
महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी नेहा दहिया ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र महिलाएं विभाग की वेबसाइट https://onlinemis.wcdhry.gov.in/gaurav पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। डाक, कोरियर अथवा ऑफलाइन माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पुरस्कारों से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं दिशा-निर्देश भी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, विकास सदन, प्रथम तल, लघु सचिवालय के सामने, गुरुग्राम के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के फोन नंबर 0124-2331148 पर संपर्क करें।
