गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: नगर निगम गुरुग्राम द्वारा प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को निगम की विभिन्न टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 8 रेडी मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) प्लांटों को धराशायी किया। यह कार्रवाई भोंडसी, दौलताबाद, धूमसपुर, बहरामपुर और मैदावास क्षेत्रों में की गई।एमसीजी की टीमों ने मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर अभियान चलाकर आरएमसी प्लांटों के विरुद्ध कार्रवाई की।


सहायक अभियंता आशीष हुड्डा के नेतृत्व में टीम ने रिठोज रोड और जेल रोड व बहरामपुर में 3 आरएमसी प्लांटों को तोड़ा। सहायक अभियंता हरिप्रकाश की टीम ने दौलताबाद क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 3 आरएमसी प्लांटों को धराशायी किया। संयुक्त आयुक्त सपना यादव के नेतृत्व में जेई कपिल की टीम ने धूमसपुर व मैदावास क्षेत्र में 2 आरएमसी प्लांटों को जमींदोज किया। इस प्रकार निगम की टीमों ने एक ही दिन में कुल 8 आरएमसी प्लांटों के विरुद्ध कार्रवाई की।आरएससी प्लांटों से संबंधित नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करना और निर्माण गतिविधियों से होने वाले धूल एवं वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाना शहरी पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
एमसीजी द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई के माध्यम से प्रदूषण नियंत्रण के प्रयास किए जा रहे हैं।निगमायुक्त प्रदीप दहिया के अनुसार, प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छ वातावरण बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दिशा में संबंधित क्षेत्रों में निगरानी और प्रवर्तन गतिविधियां जारी रहेंगी, ताकि नियमों का अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को प्रभावी बनाया जा सके।
