गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज :गुरुग्राम में सोमवार को अचानक हुई भारी बरसात से कई इलाकों की सड़कों और चौराहों पर जलभराव हो गया, जिससे यातायात प्रभावित होने लगा। बावजूद इसके, यातायात पुलिस ने तेजी से मोर्चा संभालते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा।पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. राजेश मोहन (IPS) के निर्देश पर पहले से ही आवश्यक आदेश जारी किए गए थे कि बारिश और जलभराव की स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा व यातायात संचालन सुनिश्चित किया जाए। निर्देशों के अनुसार सभी यातायात पुलिसकर्मी मौके पर सक्रिय रहे और जाम न बनने देने के लिए लगातार प्रयासरत रहे।सहायक पुलिस आयुक्त यातायात मुख्यालय/हाईवे श्री सत्यपाल यादव (HPS) की देखरेख में ट्रैफिक पुलिस की टीम ने ट्यूलिप चौक, मालिबु टाउन, बिलासपुर चौक, महावीर चौक, नरसिंहपुर FOB के पास, राजीव चौक, सिग्नेचर टावर, गैलेरिया मार्केट और इफ्को चौक सहित कई प्रमुख स्थानों पर जलभराव की स्थिति से निपटते हुए ट्रैफिक को सुगम बनाए रखा।यातायात पुलिस ने संबंधित विभागों से संपर्क कर जलभराव वाले इलाकों में पानी की निकासी कराई। वहीं, सड़क पर फंसे या खराब हो चुके वाहनों को धक्का मारकर अथवा क्रेन की मदद से सुरक्षित स्थानों पर हटाया गया, जिससे यातायात की रफ्तार थमी नहीं।पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ. राजेश मोहन ने कहा कि बारिश और कठिन परिस्थितियों के बावजूद गुरुग्राम यातायात पुलिस आमजन की सुविधा और सुरक्षा के लिए निरंतर तत्पर है। भविष्य में भी इस तरह की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी।
