गुरुग्राम, सतीश कौशिक: हरियाणा जिम्नास्टिक एसोसिएशन द्वारा आज एरोबिक्स जिम्नास्टिक्स नेशनल्स के लिए चयन ट्रायल आयोजित किए गए। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 12 से 16 नवंबर 2026 तक जयपुर, राजस्थान में आयोजित होगी।इन चयन ट्रायल में हरियाणा के लगभग 50 से 60 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ट्रायल में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुके खिलाड़ियों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के माध्यम से राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करने के लिए अपनी दावेदारी पेश की।

इस अवसर पर एडमिनिस्ट्रेटर सुरेंद्र सिंह सहित चयन समिति में हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट राकेश, कुलविंदर सिंह एवं राजकुमार राघव उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त, जिम्नास्टिक्स कोच एवं प्रोग्राम स्टाफ से नवीन सैनी, मनीष उत्तम एवं राहुल शर्मा मौजूद रहे। वहीं अंतरराष्ट्रीय जज नरेंद्र एवं सुश्री सपना गुप्ता तथा राष्ट्रीय जज सुश्री प्रियंका ने भी चयन प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभाई। इन चयन ट्रायल का मुख्य उद्देश्य हरियाणा के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना है। चयनित खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हरियाणा का प्रतिनिधित्व करेंगे। एडमिनिस्ट्रेटर हरियाणा जिम्नास्टिक एसोसिएशन के नेतृत्व में खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करने तथा एरोबिक्स जिम्नास्टिक्स के विकास एवं प्रोत्साहन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
