गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन (AIVF), गुरुग्राम एवं अग्रवाल सभा (रजि.), गुरुग्राम के संयुक्त तत्वावधान में 10 अक्टूबर, शनिवार को अग्रवाल भवन (धर्मशाला), गुरुद्वारा रोड, गुरुग्राम में श्री महाराजा अग्रसेन जयंती एवं भव्य कवि सम्मेलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक उत्साह के साथ किया गया। समारोह में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पूर्व विधायक श्री उमेश अग्रवाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम में वैश्य समाज के गणमान्य व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, महिलाओं, युवाओं और परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह का उद्देश्य समाजवाद, समानता, भाईचारे और जनसेवा के प्रणेता महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाना तथा सामाजिक एकता को मजबूत करते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा, समाजसेवा और युवा नेतृत्व के क्षेत्र में नए संकल्प लेना रहा।
*चैरिटेबल अस्पताल के लिए भूमि देने का मंत्री ने दिया आश्वासन*
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि महाराजा अग्रसेन जी ने समाज को समानता, सहयोग, भाईचारे और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की संस्कृति प्रदान की। उनके आदर्श आज भी सामाजिक समरसता और जनकल्याण के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को महाराजा अग्रसेन जी के जीवन, विचारों, संस्कृति और समाज के प्रति उनके योगदान से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।श्री गोयल ने महाराजा अग्रसेन जी के प्रसिद्ध ‘एक ईंट, एक रुपया’ के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह परंपरा जरूरतमंद व्यक्ति को घर बसाने और व्यापार शुरू करने में सामूहिक सहयोग देने की भावना का प्रतीक है। इसका मूल संदेश है कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति आगे बढ़े और कोई भी जरूरतमंद स्वयं को अकेला महसूस न करे।उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब विकास का लाभ सभी वर्गों तक पहुँचे।
उन्होंने सामाजिक संगठनों से महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को व्यवहार में उतारने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।उमेश अग्रवाल ने उठाया गरीबों के लिए चैरिटेबल अस्पताल का मुद्दा
समारोह के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक उमेश अग्रवाल ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में महाराजा अग्रसेन जी के जीवन, आदर्शों और जनकल्याण की भावना पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी का जीवन हमें सिखाता है कि समाज की समृद्धि का वास्तविक अर्थ तभी पूरा होता है, जब आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति को भी सम्मानपूर्वक जीवन जीने, उपचार कराने और आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में आर्थिक रूप से संपन्न लोगों के लिए अनेक आधुनिक अस्पताल उपलब्ध हैं, लेकिन गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए भी एक ऐसा चैरिटेबल अस्पताल होना चाहिए, जहाँ उन्हें रियायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएँ मिल सकें। बीमारी के समय गरीब परिवारों को भारी आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में चैरिटेबल अस्पताल उनके लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है।
उन्होंने अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन एवं अग्रवाल सभा की ओर से इस दिशा में सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। इस प्रस्ताव पर मुख्य अतिथि विपुल गोयल ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए चैरिटेबल अस्पताल के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उपस्थित समाजबंधुओं ने इस पहल का स्वागत किया। प्रस्तावित अस्पताल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सुलभ एवं किफायती स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास करना है।
गुरुग्राम के वैश्य समाज की व्यापक डायरेक्टरी बनाने पर जोर*
श्री विपुल गोयल ने गुरुग्राम के विभिन्न सेक्टरों और आवासीय सोसायटियों में रहने वाले वैश्य समाज के परिवारों को जोड़ते हुए एक व्यापक सामाजिक डायरेक्टरी तैयार करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी डायरेक्टरी से समाज के लोगों के बीच संपर्क, समन्वय और सहयोग बढ़ेगा तथा शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार, रोजगार और सामाजिक सेवा से जुड़ी गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा।
उन्होंने समाज के पदाधिकारियों और युवाओं से इस दिशा में संगठित प्रयास करने की अपील की, ताकि गुरुग्राम के अधिक से अधिक परिवार एक साझा सामाजिक मंच से जुड़ सकें।युवाओं की राजनीति में भागीदारी बढ़ाने का आह्वानअग्रवाल समाज के युवा अध्यक्ष श्री दीपक गुप्ता ने वैश्य समाज के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में राजनीति एवं सार्वजनिक जीवन में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने और विकास की प्रक्रिया में योगदान देने के लिए युवाओं का नेतृत्व के क्षेत्र में आगे आना आवश्यक है।उन्होंने हरियाणा विधानसभा में वैश्य समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व में आई कमी का उल्लेख करते हुए युवाओं से सक्रिय होकर अपनी भूमिका निभाने की अपील की। गोयल ने भी युवाओं की सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता का समर्थन करते हुए उन्हें जनसेवा के क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. मंदीप किशोर गोयल ने किया अतिथियों का स्वागत*
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. मंदीप किशोर गोयल, जिलाध्यक्ष, अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन, गुरुग्राम के स्वागत एवं उद्घाटन संबोधन से हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों, समाजबंधुओं, महिलाओं, युवाओं और परिवारजनों का स्वागत करते हुए कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों पर चलते हुए समाज की एकता, सेवा और समृद्धि को मजबूत करना सभी का सामूहिक दायित्व है। डॉ. गोयल ने मुख्य अतिथि विपुल गोयल का माला एवं शॉल पहनाकर स्वागत किया। समारोह अध्यक्ष उमेश अग्रवाल का स्वागत मनोज मंगला एवं अनिल गुप्ता उर्फ नीले ने किया। अन्य पदाधिकारियों एवं समाजबंधुओं ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
पार्षद आशीष गुप्ता, युवा अध्यक्ष दीपक अग्रवाल ने भी अपने विचार रखे और महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों, सामाजिक समरसता, जनसेवा तथा समाज की एकता पर बल दिया।
समारोह में विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिक मे सुंदर दास अग्रवाल, विजय अग्रवाल, आर. बी. सिंगला, राजेश अग्रवाल, शरद गोयल, सुभाष सिंगला चंद गुप्ता, वेद प्रकाश मंगला, वेद मंगला, वी. के. जैन, दिनेश अग्रवाल, पी. पी. गुप्ता, जगन्नाथ मंगला, मनोज मंगला, मनीष मंगला, श्री शिव कुमार, श्री जय भगवान मंगला, श्री अनिल गुप्ता उर्फ नीले, श्री जे. एन. मंगला, विवेक गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता, नरेश बंसल, सचिव, गुरुग्राम व्यापार मंडल, अनिल गुप्ता, श्री सुनील सहित अनेक समाजसेवी एवं गणमान्य व्यक्ति शामिल रहे।अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन से जुड़े श्री विवेक गुप्ता युवाध्यक्ष , श्री देवेंद्र गुप्तामहासचिव , श्री वी. के. जैन, दिनेश अग्रवाल तथा पूर्व अध्यक्ष श्री पी. पी. गुप्ता , प्रदीप मोदी, रामानंद जी, इत्यादि की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही। अग्रवाल सभा से जुड़े पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
*महिला शक्ति की उल्लेखनीय सहभागिता*
समारोह में महिला शक्ति की उल्लेखनीय भागीदारी रही। इस अवसर पर श्रीमती इंदु जैन, श्रीमती मीना गर्ग, श्रीमती शालिनी गुप्ता, श्रीमती डोली गुप्ता, श्रीमती रितु माहेश्वरी, श्रीमती मीनाक्षी गुप्ता, श्रीमती मनीषा बंसल, श्रीमती पूजा गोयल, श्रीमती मंजू सिंगला, श्रीमती पुष्पा गोयल एवं श्रीमती मीना जिंदल सहित महिला समाजसेवियों और गणमान्य महिलाओं ने अपनी उपस्थिति से समारोह की गरिमा बढ़ाई। श्रीमती मीना जिंदल ने मंच साझा किया। वे श्री पवन जिंदल , क्षेत्रिय संघ चालक, उत्तर क्षेत्र, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की धर्मपत्नी हैं। महिला सहभागिता ने सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और समाजसेवा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूती प्रदान की।मीना गर्ग ने किया मंच संचालन, नरेश बंसल ने दिया धन्यवाद ज्ञापन।
समारोह का मंच संचालन श्रीमती मीना गर्ग ने प्रभावशाली ढंग से किया। उन्होंने कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों और वक्ताओं का परिचय देते हुए समारोह को सुव्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया। समापन अवसर पर श्री नरेश बंसल, सचिव, गुरुग्राम व्यापार मंडल ने धन्यवाद संबोधन प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य अतिथि श्री विपुल गोयल, समारोह अध्यक्ष श्री उमेश अग्रवाल, सभी विशिष्ट अतिथियों, समाजसेवियों, महिलाओं, युवाओं, कविगण, आयोजकों और उपस्थित समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर श्री नरेश बंसल ने श्री उमेश अग्रवाल को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।*
देर रात तक श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करता रहा कवि सम्मेलन*
समारोह का विशेष आकर्षण भव्य कवि सम्मेलन रहा। सुप्रसिद्ध कवि श्री दिनेश रघुवंशी, श्री अनिल अग्रवंशी, सुश्री खुशबू शर्मा एवं श्री पवन आगरी ने अपनी प्रभावशाली काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।हास्य, व्यंग्य, संवेदना, देशभक्ति और सामाजिक संदेशों से सजी कविताओं का उपस्थित जनसमूह ने देर रात तक आनंद लिया। कवियों की प्रस्तुतियों पर सभागार में तालियों की गूंज सुनाई देती रही और कार्यक्रम यादगार बन गया। दीप प्रज्ज्वलन, अतिथि सम्मान, विचारोत्तेजक संबोधनों, प्रसाद सहभोज और कवि सम्मेलन के माध्यम से यह आयोजन सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकजुटता का प्रतीक बना।समाज की एकता, सेवा और समृद्धि का संकल्प।
आयोजकों ने कहा कि श्री महाराजा अग्रसेन जयंती केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को व्यवहार में उतारने का अवसर है। समाज की एकता को मजबूत करना, युवाओं को नेतृत्व के लिए प्रेरित करना, जरूरतमंदों की सहायता करना तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी मूलभूत आवश्यकताओं के लिए सामूहिक प्रयास करना ही इस आयोजन का वास्तविक उद्देश्य है।

जिला अध्यक्ष डॉ मनदीप किशोर ने संदेश दिया-“वैश्य एकता हमारी शक्ति, समाज सेवा हमारा संकल्प।” “महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों पर चलें—समाज की एकता, सेवा और समृद्धि को मजबूत करें।”



