गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण प्रभावित रही सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में निगम वार्ड-2 में विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है। अभियान की शुरुआत सरहौल गांव से की गई, जहां नगर निगम गुरुग्राम की टीम के साथ-साथ स्थानीय पार्षद और निवासियों की सहायता से विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में जोन के संयुक्त आयुक्त डॉ जयवीर यादव, एमिनेंट पर्सन अक्षय, प्रदूषण नियंत्रण टीम, एमसीजी के विभिन्न अधिकारी, गांव के प्रबुद्ध नागरिक तथा करीब 150 सफाई कर्मचारियों के साथ पार्षद पति विपिन यादव भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सरहौल गांव में एक साथ व्यापक सफाई का प्रयास विशेष अभियान का उद्देश्य गांव में एक साथ व्यापक स्तर पर सफाई करते हुए विभिन्न स्थानों पर जमा कूड़े के ढेरों को हटाना और क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना है।

अभियान के दौरान एमसीजी की टीम और सफाई कर्मचारियों ने गांव के विभिन्न हिस्सों में सफाई कार्य शुरू किया। प्रयास किया जा रहा है कि विभिन्न स्थानों पर जमा कचरे को हटाकर क्षेत्र को साफ एवं व्यवस्थित बनाया जाए। अभियान के दौरान गांव के प्रबुद्ध नागरिकों और स्थानीय लोगों की सहभागिता भी रही। स्थानीय स्तर पर मिल रहे सहयोग अभियान के लिए महत्वपूर्ण है। अभियान का उद्देश्य केवल तत्काल कूड़ा हटाना ही नहीं, बल्कि क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नागरिकों को साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित करना भी है।
