गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: गुरुग्राम पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाने के उद्देश्य से बुधवार को अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त पश्चिम, गुरुग्राम Y V R शशी शेखर (IPS) ने की। बैठक में पश्चिम जोन के सभी सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) और थाना प्रभारी (SHO) मौजूद रहे।बैठक के दौरान पुलिस उपायुक्त ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था, लंबित शिकायतों और आपराधिक गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाए और किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।चोरी, स्नैचिंग और अन्य आपराधिक वारदातों पर रोक लगाने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों और पीक ऑवर्स के दौरान पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। साथ ही बेल जंपर्स और उद्घोषित अपराधियों (POs) की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों की RWA और स्थानीय व्यापारिक संगठनों के साथ नियमित बैठकें करने को कहा गया, ताकि स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उनका समाधान किया जा सके।इसके अलावा मुख्य चौराहों, डार्क स्पॉट्स और संकरी गलियों में स्थानीय नागरिकों के सहयोग से अधिक से अधिक CCTV कैमरे लगवाने और उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस उपायुक्त ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

