चंडीगढ़, सतीश भारद्वाज : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में कहा कि प्रदेश सरकार अपराधों के प्रति *जीरो टॉलरेंस* की नीति पर काम कर रही है। विपक्ष द्वारा लाए गए कानून-व्यवस्था पर स्थगन प्रस्ताव का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि अब हरियाणा में कानून की सर्वोच्चता स्थापित हो चुकी है, चाहे अपराधी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।
सीएम सैनी ने सदन में आंकड़े पेश करते हुए बताया कि 2014 में 1106 हत्या के मामले दर्ज हुए थे जबकि 2024 में यह संख्या घटकर 965 रह गई, यानी 12 प्रतिशत की कमी। उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2024 से अब तक 110 पुलिस मुठभेड़ों में 13 कुख्यात अपराधी ढेर किए गए और 157 घायल हुए। साथ ही 5 गैंगस्टरों को विदेश से गिरफ्तार कर लाया गया।महिला सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन (2004-2014) में बलात्कार के मामले तीन गुना बढ़े थे और केवल एक महिला थाना खोला गया। इसके विपरीत मौजूदा सरकार ने 33 महिला थाने, *दुर्गा शक्ति ऐप*, *रैपिड एक्शन फोर्स* और महिला बटालियन स्थापित की हैं। हाल ही में यमुनानगर की नाबालिग दुष्कर्म-हत्या केस में पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे में गिरफ्तार कर 8 महीनों में फांसी की सजा दिलाई।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर अपराधियों के महिमा मंडन को खतरनाक बताते हुए मीडिया से अपील की कि वे ऐसे तत्वों को नायक की तरह प्रस्तुत न करें। सैनी ने विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण की कार्यकुशलता की भी सराहना की और कहा कि उनके नेतृत्व में सदन गरिमामय ढंग से चल रहा है।

