गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता” अभियान के तहत नगर निगम गुरुग्राम के वार्ड-26 स्थित स्कूल, राजीव नगर, सेक्टर-13 में विशेष स्वच्छता एवं देशभक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और अध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्रप्रेम, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों द्वारा हाथों में तिरंगा लेकर भव्य तिरंगा यात्रा भी निकाली गई।


कार्यक्रम में नगर निगम गुरुग्राम के संयुक्त आयुक्त रविंद्र मलिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि वार्ड-26 की पार्षद श्रीमती सुनीता वर्मा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। संयुक्त आयुक्त ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के गौरव एवं सम्मान तथा देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी विशेष अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति के दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
वहीं निगम वार्ड-26 की पार्षद वर्मा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि देशभक्ति केवल तिरंगा फहराने या राष्ट्रगान तक सीमित नहीं है। अपने शहर और देश को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाना भी सच्ची देशभक्ति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश अपने परिवारों और आसपास के लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर राजीव नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं स्वच्छता से जुड़े नारों के माध्यम से स्थानीय नागरिकों को जागरूक किया। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। विद्यार्थियों के उत्साह और संदेश ने स्थानीय नागरिकों का भी ध्यान आकर्षित किया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं में राष्ट्रप्रेम, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को मजबूत करना रहा।कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों, अध्यापकों एवं गणमान्य नागरिकों ने “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में नगर निगम गुरुग्राम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी, आईईसी विशेषज्ञ प्रिंका यादव एवं प्रियंका यादव, एचएमएस टीम, विद्यालय प्रबंधन, अध्यापकों एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि राष्ट्रप्रेम और स्वच्छता एक-दूसरे से जुड़े हैं। जब प्रत्येक नागरिक अपने घर, विद्यालय, कार्यस्थल और आसपास के सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभाएगा, तभी स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ गुरुग्राम के साथ मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव होगा।
