गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : राजकीय होम्योपैथिक डिस्पेंसरी दौलताबाद में “वरिष्ठ नागरिक दिवस” मनाया गया। होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. नितिका शर्मा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 21 अगस्त को “वरिष्ठ नागरिक दिवस” मनाया जाता है। इस वर्ष यह दिवस “समावेशी भविष्य के लिए वृद्धजनों की आवाज़ को सशक्त बनाना” की थीम पर मनाया जा रहा है।
डॉ. नितिका शर्मा ने बताया कि 22 अगस्त के दिन विभिन्न देश अपने-अपने कार्यक्रम आयोजित करते हैं और सभी वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और समावेश का संदेश देते हैं। पिछले कुछ वर्षों में यह दिवस सीमाओं से परे भी फैल गया है और संयुक्त राष्ट्र जैसे अंतर्राष्ट्रीय संगठन भी वृद्धों के सम्मान में पहले से भी ज्यादा अधिक महत्व पर ज़ोर दे रहे हैं। राष्ट्रीय और वैश्विक, दोनों ही तरह के आयोजन वृद्धों की देखभाल, स्वस्थ वृद्धावस्था और वरिष्ठ अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिए मंच प्रदान करते हैं और समुदायों को सभी उम्र के लोगों के लिए सहायक और सुलभ बनाने की आवश्यकता पर ज़ोर देते हैं। यह समाज को वरिष्ठ नागरिकों की बात ध्यान से सुनने और परिवार, समुदाय और नीतिगत निर्णयों को आकार देने में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रोत्साहित करता है।
डॉ नितिका ने कहा कि हम सभी को यह सुनिश्चित करना है कि वृद्धजनों के दृष्टिकोण का सम्मान किया जाए और उम्र कभी भी भागीदारी में बाधा न बने। इस अवसर पर देवेंद्र सिंह,रेखा,गुरुदास डिस्पेंसर,हरगंगे सहित अन्य दर्जनों बुजुर्ग ग्रामीण मौजूद रहे।

