गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : गुरुग्राम के थाना सैक्टर 5 क्षेत्र में एक सिक्योरिटी ऑफिसर ने घरेलू विवाद में अपनी पत्नी और बेटे की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बताया गया है कि शनिवार देर रात आरोपी अनिल के घर से अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जिसके बाद पड़ोसियों को कुछ समझ आता एक के बाद एक लगातार 2-3 गोलिया चलाने की आवाज सुनाई दी। जिसपर पड़ोसी घर पहुंचे तो अनिल की पत्नी आशा और बेटा प्रशांत खून से लथपथ पड़े थे। जिसकी सूचना लोगों ने तुरंत पुलिस को दी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे घर को सील कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टि से जांच में सामने आया है कि इसमें पति-पत्नी के बीच झगड़ा होने से इस घटना को अनजाम दिया गया है। दूसरे कमरे में उनका बेटा प्रशांत हो रहा था, जो माता-पिता की लड़ाई का शोर सुनकर जाग गया था। उसने जब अपने आरोपी पिता को रोकने की कोशिश की तो उसने पिस्टल निकालकर दोनों को गोली मार दी। आरोपी गोली मारने के बाद मौके पर ही बेटे और पत्नी की लाश के पास ही बैठा रहा।
पुलिस के अनुसार बताया गया हैं, गुरुग्राम के अशोक विहार में रहने वाले पत्नी आशा (45) एक निजी स्कूल में प्रिंसिपल थीं। जबकि उसका पति एक कंपनी में सिक्योरिटी ऑफिसर है, दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहा था। शनिवार रात भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच काफी कहासुनी होने लगी। पास के ही दूसरे कमरे में बेटा सोया हुआ था, तेज आवाज सुनकर बेटे की भी नींद खुल गई और वह भी झगड़ा रोकने की कोशिश करने लगा, फिर भी आशा लगातार अनिल पर चिल्लाती रही तो दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया। जब प्रशांत ने पिता (अनिल) को झगड़ा न करने के लिए कहा तो अनिल उस पर भी चिल्लाने लगा। इसके बात उसने गुस्से में अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से दोनों को गोली मार दी।
सूचना पर पुलिस आरोपी के घर पहुंची तो आरोपी लाश के पास ही बैठा हुआ था। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।वहीं बताया गया है कि हत्यारोपी अनिल पहले फिजिकल एजुकेशन (पीटीआई) टीचर के रूप में कार्यरत था। उसने कई सालों तक स्कूल में टीचिंग और स्पोर्ट्स की ट्रेनिंग दी। लेकिन टीचिंग के बाद उसने एख कंपनी में सिक्योरिटी ऑफिसर की नौकरी जॉइन कर ली। पुलिस अनिल को हिरासत में लेकर पूछताछ और सारे रिकॉर्ड खंगाल रही है। थाना SHO सत्यवान ने बताया कि कंट्रोल रूम के द्वारा मामले की जानकारी प्राप्त हुई थी। जिसके बाद तुरंत पुलिस टीमें मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। फॉरेंसिंक टीमों द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य लिए हैं। शवों को नागरिक अस्पताल से पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में भिजवा दिया है। घरवालों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उसके बाद पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
वहीं पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने यह कदम किस परिस्थिति में उठाया जिससे पत्नी और बेटे की हत्या की गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता चलेगा कि पत्नी और बेटे को कितनी गोलियां लगी हैं। दोनों की बॉडी खून से लथपथ मिली थी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। आरोपी पुलिस हिरासत में हैं।

