गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने बुधवार को सेक्टर-33 क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को हटाकर करीब 2 एकड़ सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया। यह कार्रवाई एचएसवीपी की शहरी संपदा अधिकारी-II अनुपमा मलिक के निर्देश पर की गई।मिली जानकारी के अनुसार एचएसवीपी की इंफोर्समेंट टीम ने उपमंडल अभियंता (एसडीओ) अमित कौशिक के नेतृत्व में सेक्टर-38 थाना सदर पुलिस के भारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की।
अधिकारियों के अनुसार, लोगों ने विभाग की भूमि पर अवैध रूप से वेंकट हॉल, मैरिज हॉल, गार्डन, लगभग 10 पक्के कमरे और बाउंड्री वॉल बनाकर कब्जा किया गया था।कार्रवाई के दौरान तीन जेसीबी मशीनों की मदद से सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। मौके पर कुछ लोगों द्वारा विरोध, बहसबाजी और धक्का-मुक्की भी की गई, लेकिन भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और कार्रवाई जारी रखी गई।वहीं विभाग के अधिकारियों ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी ने भी सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
बताया गया है कि इस कार्रवाई से दो दिन पूर्व मुनादी कराकर कब्जाधारियों को जमीन खाली करने के निर्देश दिए गए थे। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में उपमंडल अभियंता नरेश राणा उपस्थित रहे। इस दौरान जेई विकास सैनी, रामफल, सुनील पटवारी, सतपाल, दयानंद प्रधान, राजकुमार, राजेंद्र और रामनिवास सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

