गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : गुरुग्राम में आगामी 14 फरवरी को उत्तर प्रदेश के जिला उन्नाव में एएसपी पद पर तैनात आईपीएस अधिकारी दीपक यादव ज़िन्दगी की अगली पारी शुरू करने जा रहे हैं। वे अंशुल के साथ परिणय सूत्र में बंधेंगे। जिसकी तैयारी में परिजन जुटे हुए हैं।मिली जानकारी के अनुसार निगम क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर घोसी के मूल निवासी दीपक यादव वर्तमान में यूपी के उन्नाव में बतौर एएसपी साइबर क्राइम के पद पर हैं। वे अपने जीवन की अगली नई गृहस्थ पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं।दीपक ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा को पहले ही प्रयास में पास कर देशभर में अपनी पहचान बनाई थी,अब उनकी जीवन संगनी बनने जा रही अंशुल के साथ आगामी 14 फरवरी को सात फेरे लेने जा रहे हैं। जिसको लेकर परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
*गुरुग्राम में चल रही भव्य आयोजन की तैयारियां*
दीपक यादव का विवाह समारोह पूरी पारंपरिक हिन्दू रीति-रिवाजों के साथ गुरुग्राम में आयोजित किया जाएगा। विवाह से पहले लगन-टीका समारोह 12 फरवरी को शहर के प्रतिष्ठित द् लीला होटल में आयोजित किया जाएगा। जिसमें प्रशासनिक अधिकारी, राजनीतिक जगत से जुड़े लोग, रिश्तेदार और करीबी मित्र शामिल होंगे। वहीं 14 फरवरी को राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित अमराई फार्म में विवाह कार्यक्रम आयोजित होगा। जहां भव्य आयोजन की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। पिता राजेंद्र यादव और मां सुशीला देवी के साथ चाचा हरीश यादव सभी परिजन शादी की तैयारी में जुटे हैं।
बता दें कि किसान परिवार में जन्मे दीपक यादव ने सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर मई 2023 में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा पास की थी। खास बात यह रही कि उन्होंने यह सफलता पहले ही प्रयास में हासिल की। जिसमें उनकी ऑल इंडिया रैंक 495 आई थी। उन्हें अपनी बहन ज्योति यादव से खास प्रेरणा मिली। ज्योति यादव आईआरएस अधिकारी हैं। जिन्होंने उन्हें सिविल सेवा की तैयारी के लिए लगातार प्रोत्साहित किया। यूपीएससी में चयन के बाद दीपक यादव को उत्तर प्रदेश कैडर मिला था और वर्तमान में वे उन्नाव जिले में एएसपी के पद पर तैनात हैं। अपनी कार्यशैली और सादगी के कारण वे कम समय में ही आमजन के बीच लोकप्रिय हो गए हैं। विवाह कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है।

