
गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : आमजन को स्वच्छता अभियान में सहभागी बनाने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक से पर्यावरण को होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को सेक्टर-57, गुरुग्राम में आरडब्ल्यूए के सहयोग से स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से क्षेत्रीय अधिकारी (गुरुग्राम उत्तर) आकांक्षा तंवर के नेतृत्व में निरीक्षण कर प्रतिबंधित सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के उपयोग के मामलों में ₹85,000/- के चालान किए गए।
जागरूकता अभियान के तहत सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई तथा जूट बैग वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान आमजन एवं दुकानदारों को पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए जूट बैग वितरित किए गए तथा सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाना तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए जिम्मेदार और सतत व्यवहार को प्रोत्साहित करना रहा। स्थानीय निवासियों ने अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान किया और भविष्य में भी ऐसे अभियानों को समर्थन देने की प्रतिबद्धता जताई। अभियान में आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष रोशन लाल यादव का विशेष योगदान रहा।

