गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : शहर को अतिक्रमण मुक्त, व्यवस्थित और स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम की कार्रवाई लगातार जारी है। निगम की स्ट्रीट वेंडिंग मैनेजमेंट टीम प्रतिदिन अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर अतिक्रमण हटाने का कार्य कर रही है, जिससे सडक़ों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों को फिर से लोगों के उपयोग के लिए सुगम बनाया जा सके।
मंगलवार को टीम ने मेजर सोमनाथ मार्ग, सेक्टर-52, अंसल यूनिवर्सिटी रोड सेक्टर-50, हारमॉनी लिंक रोड सेक्टर-59 तथा आसपास के क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान सडक़ों व फुटपाथों से रेहड़ी-पटरी, खोखे, टपरीनुमा व शेडनुमा स्ट्रक्चरों सहित अन्य प्रकार के अस्थाई अतिक्रमण को हटाया गया। निगम की टीम ने अतिक्रमण करने वालों का सामान जब्त किया और उन्हें चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त रखना निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न केवल यातायात और पैदल यात्रियों के लिए बाधा उत्पन्न करता है, बल्कि शहर की सुंदरता को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ और व्यवस्थित गुरुग्राम का निर्माण हम सभी की जिम्मेदारी है। निगम नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाता रहेगा ताकि शहर का सौंदर्य और नागरिकों की सुविधा दोनों बनी रहें।निगमायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे सडक़ों और फुटपाथों पर अतिक्रमण न करें तथा दूसरों को भी अतिक्रमण नहीं करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि निगम की स्ट्रीट वेंडिंग टीम आगामी दिनों में अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रखेगी, ताकि मिशन अतिक्रमण मुक्त गुरुग्राम के तहत शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाया जा सके।
