गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : हरियाणा दिवस के उपलक्ष में जिला प्रशासन, गुरुग्राम द्वारा शनिवार को गुरुग्राम विश्वविद्यालय सभागार में जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया गया। डीसी अजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित सांस्कृतिक उत्सव में जिला के स्कूली विद्यार्थियों व लोक गायक झम्मन मीर ने अपनी प्रस्तुति देकर प्रदेश की वर्षगांठ को जीवंत कर दिया। नगर निगम गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, बीजेपी के जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, गुरुग्राम महानगर के अध्यक्ष अजीत यादव सहित जिला प्रशासन के अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
*जिलावासियों को दी हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं*
डीसी अजय कुमार व कार्यक्रम में पहुंचे विशिष्टजनों ने दीप प्रज्ज्वलित कर सांस्कृतिक उत्सव का शुभारंभ किया। हरियाणा दिवस के उपलक्ष में पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सांस्कृतिक उत्सव में सीधा प्रसारण हुआ। डीसी ने जिलावासियों को हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं दी और सांस्कृतिक उत्सव में प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इससे पहले डीसी ने शुभकामना पटल पर अपना संदेश भी दर्ज किया। सांस्कृतिक उत्सव में विभिन्न स्कूलों से पहुंचे बच्चों ने हरियाणा की लोक संस्कृति व प्रदेश की विकास यात्रा पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों से समा बांध दिया। वहीं मंच संचालक सत्यवान शर्मा ने भी हरियाणवी मखौल से सभागार के माहौल को वाइब्रेंट रखा। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अर्जुन नगर की छात्राओं ने स्वागत गीत से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला की शुरुआत की। इसके उपरांत इसी विद्यालय की छात्रा ने “चलो उस देस में जहां संगीत हो….” रागणी सुनाकर खूब तालियां बटोरी। प्रणव नंदा विद्यालय, सेक्टर 92 के विद्यार्थियों ने हरियाणवी लोकगीत “लाग्गी पड़न फुहार के रिमझिम सामण आया….” पर आधारित समूह गीत की प्रस्तुति से दर्शक दीर्घा से प्रशंसा बटोरी। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सुशांत लोक के विद्यार्थियों के “रै पगड़ी हरियाणा की….” समूह नृत्य ने भी सभागार का ध्यान आकर्षित किया। कलाग्राम संस्था की ओर से लोक गायक झम्मन मीर ने हरियाणा की पारंपरिक रागणी “दिखीं या कौन खड़ी, ओट में किवाड़ी की…..” सुनाकर सभागार को हरियावी लोक संस्कृति के पारंपरिक रंग से सराबोर कर दिया।
*सांस्कृतिक उत्सव के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन को बधाई*
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के उपरांत डीसी व अन्य विशिष्टजनों ने हरियाणा दिवस के उपलक्ष में शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित पेंटिंग, लिप्पन, स्कल्पचर व सांझी प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया। साथ ही प्रतिभागी विद्यार्थियों व सांस्कृतिक उत्सव को सफल बनाने वाले सहयोगी सदस्यों को भी सम्मानित किया। गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक उत्सव में नगाड़ा पार्टी ने भी अपनी प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक उत्सव का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। डीसी अजय कुमार ने सांस्कृतिक उत्सव के सफल आयोजन के लिए सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा व जिला प्रशासन की टीम को बधाई दी।
इस अवसर पर एडीसी वत्सल वशिष्ठ, बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, डीटीपी आरएस बाठ, जिला शिक्षा अधिकारी इंदू बोकन, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सरोज दहिया, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी बिजेंद्र कुमार, गुरुग्राम विश्वविद्यालय से कुलानुशासक डा. अशोक खन्ना, कलाग्राम की निदेशक शिखा गुप्ता, स्वच्छ भारत मिशन से पिंकी यादव, तिलक राज मल्होत्रा व नगर निगम के पार्षद कुलदीप यादव, सुंदर भड़ाना, सोनिया यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

