गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : शुक्रवार को एचएसवीपी कर्मचारी यूनियन गुरुग्राम के सर्कल प्रधान कमलजीत गोडिया की अध्यक्षता में राज्य कमेटी के आह्वान पर सर्कल गुरुग्राम के सैकड़ों कर्मचारियों ने एचएसवीपी सेक्टर 14 यूनियन कार्यालय में इकट्ठा होकर प्रदर्शन नारेबाजी लगाते हुए प्रशासक गुरुग्राम वैशाली सिंह व अधीक्षक अभियंता 1 और 2 को ज्ञापन दिया। कर्मचारियों में अपनी मांगों को लेकर भारी रोष है, जिसको देखते हुए राज्य महासचिव ने प्रशासन को बताया कि समय रहते अगर मुख्य प्रशासक पंचकूला ने कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया तो पूरे प्रदेश से हजारों की संख्या में 6 नवंबर को पंचकूला पहुंचकर मुख्य प्रशासक का घेराव किया जाएगा।
राज्य कमेटी ने कर्मचारीयों का 10 सूत्रीय मांग पत्र दिनांक 26.9.2025 को दिया हुआ है, लेकिन मुख्य प्रशासक पंचकूला चंद्रशेखर खरे ने संस्था को बुलाकर अभी तक कोई बात नहीं की है और न ही कर्मचारियों की मांगों का समाधान किया है। जिससे संस्था ने मजबूर होकर संघर्ष का रास्ता अपनाना पड़ा, जिसके चलते कर्मचारियों ने शुक्रवार को प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपा गया है। शुक्रवार के रोष प्रदर्शन में अजीत सिंह सहरावत, किशोर कुमार, वेद सिंह, रविंद्र यादव, विजय सिंह, जगदीश सिंह, तकदीर सिंह संजीव यादव, संतोष कुमार सहित दर्जनों कर्मचारी मौजूद रहे।

