चंडीगढ़, सतीश कौशिक : महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, वीर क्रांतिकारी, शहीद-ए-आजम भगत सिंह की शनिवार को गोहाना में जयंती मनाई गई। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने शहीद आजम भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस मौके पर युवाओं ने एक किलोमीटर लंबा राष्ट्र ध्वज अपने हाथों पर लेकर भारत माता की जय का उद्घोष किया और वर्ल्ड रिकार्ड बनाने की दिशा में अनूठा प्रयास किया।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली ने आयोजकों, क्षेत्रवासियों और युवाओं को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने राष्ट्र की आन बान शान और सम्मान में कोई कमी ना आने दे इसका युवाओं से संकल्प लेने का आह्वान भी किया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शहीद भगत सिंह ने अपने प्राणों की परवाह ना करते हुए भारत की आजादी के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। शहीद ए आजम भगत की सोच रही कि भारत विकसित राष्ट्र बनेगा। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह ने अपना बलिदान देकर पूरे देश को जगाने का काम किया। शहीद भगत सिंह का सपना था कि भारत में ऐसी सरकार बने जो युवाओं, गरीबों और कमजोरों को न्याय दे। भगत सिंह की सोच और विचारों के अनुसार आज केंद्र में मोदी और हरियाणा में नायब सरकार कार्य कर रही है। श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा सरकार ने स्टार्टअप के माध्यम से जो योजनाएं शुरू की है उससे युवा सशक्त और आत्मनिर्भर बन रहे हैं। युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि युवा नौकरी करने की बजाए दूसरों को नौकरी देने की सोच रखे। उन्होंने कहा कि युवाओं के कंधों पर आज भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की जिम्मेदारी है। श्री बड़ौली ने सभी युवाओं को इस अनूठे कार्यक्रम की बधाई दी।
*इंकलाब जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा शहीद मदन लाल ढींगढ़ा स्टेडियम* *यादवेंद्र सिंह संधू ने युवाओं में जोश भरा*
शहीद भगत सिंह अमर रहे, भारत माता की जय, इंकलाब जिंदाबाद के नारों से गोहाना स्थित मदन लाल ढींगरा स्टेडियम गुंजायमान हो गया। कार्यक्रम में आए लोगों ने भारत के प्रति निष्ठा और देश भक्ति का संकल्प लिया। कार्यक्रम में शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह के पौत्र एवं शहीद भगत सिंह ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष यादवेंद्र सिंह संधू ने भी युवाओं में जोश भरा। शहीद के नाती यादवेंद्र भगत सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 1931 में अंग्रजों ने भगत सिंह को फांसी देकर समझा कि हिंदुस्तान से भगत सिंह को समाप्त कर दिया है।
श्री सिंह ने कहा कि 27 सितंबर 2025 में हरियाणा ने बता दिया कि हमारा भगत सिंह तब भी जिंदा थे आज भी जिंदा है और हमेशा जिंदा रहेंगे। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष गोहाना बिजेंद्र मलिक, कार्यक्रम के आयोजक इंद्र सिंह बिरमानी, गोहाना नगर परिषद चेयरपर्सन रजनी विरमानी, आनंद फोगाट रिठाला, सीटू सरपंच, हरदीप नरवाल, मनोज कौशिक सहित हजारों की संख्या में देशभक्त क्षेत्रवासी, युवा, छात्र एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
