गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : जिला प्रशासन द्वारा वीरवार को पटौदी ब्लॉक के गांव रणसिका में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीसी अजय कुमार तथा सीपी विकास अरोड़ा स्वयं गांव पहुंचे और ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। डीसी ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया। गांव पहुंचने पर सरपंच व ग्रामीणों ने पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत और सम्मान किया। डीसी अजय कुमार ने इससे पूर्व शहीद कैप्टन कपिल कुंडू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
उन्होंने जनशिकायतों की सुनवाई करने के उपरांत अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तरह से जनसेवा को समर्पित है। सरकार और प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्रामीणों की समस्याएं उनके द्वार पर ही सुनी जाएं और उनके समाधान के लिए किसी प्रकार की देरी न हो। इसी कड़ी में रात्रि ठहराव कार्यक्रम शुरू किए गए हैं, जिनके माध्यम से अधिकारी सीधे गांव में पहुंचकर लोगों की दिक्कतें जान रहे हैं और मौके पर ही उनका निवारण करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि वास्तव में ग्रामीणों और प्रशासन के बीच की दूरी को कम करने का एक प्रभावी कदम है। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डीसी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा आमजन के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ अब और अधिक पारदर्शी तरीके से पात्र लोगों तक पहुंच सके, इसके लिए सभी योजनाओं को परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) से जोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि आज अधिकांश सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं, जिससे नागरिकों को सुविधा हुई है और उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती। सरकार की मंशा है कि पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए और कोई भी जरूरतमंद इससे वंचित न रह जाए। डीसी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अधिकारीगणों से संपर्क कर योजनाओं की पूरी जानकारी लें और पात्र लोग इसका अवश्य लाभ उठाएं। डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन हर समय नागरिकों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के लिए तत्पर है।
उन्होंने बताया की जिला प्रशासन द्वारा मुख्यालय व उप मंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार व वीरवार को समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिसमें प्राप्त शिकायतों के निवारण की निरंतर मॉनिटरिंग भी की जा रही है। किसी भी नागरिक की किसी भी विभाग से संबंधित यदि कोई समस्या है तो वह बिना किसी हिचक के प्रशासन के समक्ष रखें, उनका समयबद्ध ढंग से समाधान किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे गांव के विकास में अपना योगदान दें।
*सीपी ने ग्रामीणों से संवाद कर, इमरजेंसी नंबरों की दी जानकारी*
गुरुग्राम पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा, साइबर अपराध तथा नशा मुक्ति के विषय में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पुलिस तभी प्रभावी रूप से कार्य कर सकती है, जब नागरिक जागरूक होकर सहयोग करें। ग्रामीणों के बीच सीपी ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की और लोगों को भरोसा दिलाया कि गुरुग्राम पुलिस हर समय उनकी सेवा में तत्पर है।सीपी विकास कुमार अरोड़ा ने विशेष रूप से तीन आपातकालीन नंबरों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि 112 नंबर पूरे देश में लागू है,बैंक धोखाधड़ी के 1930 नम्बर पर तुरन्त सूचना दे तथा नशें व अन्य सहायता के लिए 1933 पर फोन करके सहायता ले सकते हैं।
*स्टॉल पर योजनाओं की मिली जानकारी*
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता स्टॉल लगाए गए, जिनमें स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, शिक्षा, पशुपालन व बिजली विभाग प्रमुख रहे। डीसी ने सभी विभागों की सरकार की जनहितकारी नीतियों को दर्शाती प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए आमजन को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने भावुक करने वाली अपनी मार्मिक प्रस्तुति भी दी।इस दौरान ग्राम पंचायत रणसिका तथा आसपास से आए पंचायत प्रतिनिधियों ने डीसी अजय कुमार को गांव की विभिन्न समस्याओं व मांगों से अवगत कराते हुए मांगपत्र सौंपा। डीसी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से हल किया जाएगा और इन मुद्दों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा।इस अवसर पर डीसीपी मानेसर दीपक कुमार, पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच, डीआरओ विजय यादव, डीडीपीओ नवनीत कौर, पंचायत विभाग से कार्यकारी अभियंता अजय शर्मा, बीडीपीओ कुमारी शीतल, तहसीलदार रोहतास पंवार, नायब तहसीलदार सुरजीत सिंह, गांव रणसिका के सरपंच दीपक कुमार ,सरपंच एकता मंच के अध्यक्ष एवं गांव दौलताबाद के सरपंच अजीत यादव तथा अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

