गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने बुधवार को अधिकारियों के साथ मासिक समीक्षा बैठक की। बैठक में सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कचरा एकत्रण, लाल डोरा स्वामित्व सर्टिफिकेट, प्रॉपर्टी टैक्स डाटा सेल्फ सर्टिफिकेशन, आपत्तियों का निपटान, नई प्रॉपर्टी आईडी, समाधान शिविर व जनसंवाद जैसे अहम मुद्दों की समीक्षा की गई।

बैठक में नगर निगम गुरुग्राम, नगर परिषद सोहना व पटौदी-जाटौली मंडी तथा नगर पालिका फरुखनगर के अधिकारी उपस्थित रहे। निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रोड स्वीपिंग और डोर-टू-डोर कचरा एकत्रण कार्य की टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निगमायुक्त ने लाल डोरा स्वामित्व सर्टिफिकेट से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को तेजी लाने के निर्देश दिए और कहा कि इस कार्य की प्रतिदिन की रिपोर्ट अनिवार्य रूप से भेजना सुनिश्चित करें।
बैठक में प्रॉपर्टी टैक्स डाटा सेल्फ सर्टिफिकेशन को लेकर भी चर्चा हुई। श्री दहिया ने कहा कि इस कार्य में तेजी लाने के लिए पार्षदों,आरडब्ल्यूए तथा गणमान्य नागरिकों से संपर्क किया जाए। उन्होंने टैक्स डाटा सुधार से संबंधित आपत्तियों को समयबद्ध तरीके से निपटाने की हिदायत दी, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अतिरिक्त निगमायुक्त ने कहा कि समाधान शिविर और जनसंवाद के माध्यम से आने वाली शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को नागरिकों की समस्याओं का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी व रविन्द्र यादव, संयुक्त आयुक्त डा.नरेश कुमार, रविन्द्र मलिक, डा.जयवीर यादव,डा. प्रीतपाल सिंह व विशाल कुमार,चीफ इंजीनियर विजय ढ़ाका,एसटीपी वेदप्रकाश, डीटीपी सिद्धार्थ खंडेलवाल सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
