गुरुग्राम,सतीश भारद्वाज : गुरुग्राम निगम क्षेत्र के एक गांव से एक हैरान कर देने वाली और शर्मनाक घटना सामने आई है। जहां एक 47 वर्षीय सगा पिता अपनी ही दो बेटियों के साथ कई सालों से घर में दुष्कर्म कर रहा था। जिसका खुलासा छोटी बेटी ने स्कूल टीचर को इस घटना के बारे में बता किया है। स्कूल टीचर ने उद्योग विहार थाना पुलिस को सूचना दी फिर मां के बयान पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी कलयुगी पिता को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया है।
जानकारी के अनुसार निगम क्षेत्र के गांव डूंडाहेड़ा में आरोपी परिवार के साथ रहता है। वह कोई काम नहीं करता था,घर का गुजर-बसर मकान से आ रहे किराए से चलता था। आरोपी पिता बड़ी बेटी से करीब 6 साल से और छोटी बेटी से 3 सालों से दुष्कर्म (रेप) कर रहा था। विरोध करने पर उनसे मारपीट करता था। उनको इस घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दे रहा था।पीड़ित बेटियों ने इस बात की शिकायत अपनी मां को भी करी थी,लेकिन लोकलाज और डर के कारण मां भी इस घिनोनी हरकत को किसी से नहीं बता पाई। भय और धमकी से डरकर दोनों बेटियां सालों तक अपने ऊपर हो रहे इस घिनौने कृत्य को चुपचाप सहती रहीं। जब मां पति का विरोध करती तो शराबी व्यक्ति उसके साथ भी मारपीट करता था। इसी मानसिक तनाव से बड़ी बेटी ने स्कूल तक जाना छोड़ दिया था। वहीं छोटी बेटी गांव के ही सरकारी स्कूल में पढ़ने जाती थी। लेकिन उसके व्यवहार को देखते हुए उसकी स्कूल टीचर ने कारण पूछा तो उसने बीते दिनों रोते हुए अपने साथ हो रहे अत्याचार की कहानी बयां की। स्कूल टीचर भी उसकी दुःख भरी दास्तां सुनकर हैरान हो गई और तुरन्त उद्योग विहार थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी।
उद्योग विहार थाना प्रभारी का कहना था कि मामले की जानकारी मिलने पर तथ्यों की गहनता से जांच-पड़ताल व मां के बयान पर आरोपी के खिलाफ यौन उत्पीडन,रेप व पॉक्सो एक्ट की धारा में मामला दर्ज कर आरोपी कलयुगी पिता को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया,जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं उन्होंने बताया कि पीड़ित नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित स्थान पर रखकर उनकी काउंसलिंग की जा रही है, जिससे कि वे जल्द ही इस घटना से उभर सकें।

