चंडीगढ़,सतीश कौशिक: प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा संसद में पेश किए गए **केंद्र शासित प्रदेश (संशोधन) विधेयक 2025, 130वां संविधान संशोधन विधेयक 2025 और जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक 2025** शासन को अपराध और भ्रष्टाचार से मुक्त करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम हैं।उन्होंने कांग्रेस सांसदों द्वारा बिल की प्रति फाड़कर केंद्रीय मंत्री अमित शाह और आसन की ओर फेंकने की घटना को लोकतंत्र का काला अध्याय करार दिया। बड़ौली ने कहा कि इन विधेयकों का मकसद साफ है—अब जेल से सरकार नहीं चलेगी।बिल के प्रावधानों के अनुसार प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्री यदि किसी आपराधिक मामले में गिरफ्तार होकर 30 दिन से अधिक हिरासत में रहते हैं और उन पर पाँच साल या उससे अधिक की सजा का प्रावधान है तो वे स्वचालित रूप से पद से हटा दिए जाएंगे।
बड़ौली ने कहा कि अतीत में लालू प्रसाद यादव, अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन जैसे नेता जेल में रहते हुए भी सत्ता संभालते रहे, जिससे लोकतंत्र की साख को ठेस पहुँची। सुप्रीम कोर्ट ने भी हाल ही में तमिलनाडु के मंत्री सेंथिल बालाजी को पद छोड़ने का निर्देश दिया था। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचारियों को बचाने की कोशिश कर रही है और जनता को यह बताना चाहिए कि क्या राहुल गांधी जेल से सरकार चलाना चाहते हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह विधेयक जनता को साफ संदेश देता है कि अब सत्ता का रास्ता सेवा से होकर जाएगा अपराध से नहीं।

