
गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: सोमवार को लघु सचिवालय स्थित समाधान शिविर में एसडीएम हितेंद्र कुमार ने आमजन की समस्याओं की सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि लोगों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं, जिससे लोगों का समय बच रहा है और समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया भी तेज हुई है।
अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।एसडीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि शिकायतों का तय समय सीमा में निपटारा किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन मामलों का समाधान तुरंत संभव है, उन्हें मौके पर ही निपटाया जाए तथा अन्य मामलों में शिकायतकर्ताओं को प्रगति की जानकारी दी जाती रहे।उन्होंने कहा कि प्रशासन और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में ऐसे शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। साथ ही अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने के भी निर्देश दिए गए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि लोग समाधान से संतुष्ट हैं।
इस अवसर पर एसीपी हेडक्वार्टर मुकेश कुमार, डीडीपीओ नवनीत कौर, मेडिकल ऑफिसर प्रियंका, डिप्टी डीईओ गीता आर्या, लेबर इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार, एक्सईएन आरसी देशवाल, एसडीओ श्लोक गौतम, जेई अमनदीप, एई रविंद्र सिंह, एएफएसओ सुनील कुमार, इनवेस्टिगेटर संजय तथा ईओ राकेश सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
