गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: गुरुग्राम निगम क्षेत्र के गांव गवाल पहाड़ी में ग्रीन बेल्ट में हो रहे अवैध कब्जे व निर्माण को लेकर प्रशासन पर सवाल खड़े हो गए हैं। क्षेत्रवासी राहुल तंवर ने समाधान शिविर में एक लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि नगर निगम गुरुग्राम के ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में करीब 60 मीटर तक खुलेआम अवैध निर्माण किया जा रहा है, जो न केवल पर्यावरण नियमों बल्कि मुख्यमंत्री द्वारा 17 दिसंबर 2025 को जारी किए गए कष्ट निवारण समिति के आदेश का भी उल्लंघन कर जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही है। जिससे लोगों में दिनों दिन रोष व्याप्त हो रहा है।
शिकायत में बताया गया है कि इस अवैध निर्माण की जानकारी कई बार संबंधित अधिकारियों और विभागों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे न केवल अवैध निर्माण लगातार जारी है, बल्कि पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंच रहा है और कानून व्यवस्था की अनदेखी हो रही है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि ग्रीन बेल्ट में हो रहे सभी अवैध निर्माणों की तुरंत जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए और अवैध निर्माण को तत्काल हटाया जाए। साथ ही मुख्यमंत्री के आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो यह मामला और गंभीर रूप ले सकता है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर कितनी जल्द और प्रभावी कदम उठाता है, सब कुछ जानते हुए मौन बना रहता है। उनका कहना था कि दिल्ली रोड की ग्रीन बेल्ट पर बनी दुकान मकान, होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट से गांव के कुछ ऊंची पहुंच वाले दबंग लाखों रुपए महीना अवैध वसूली कर रहे है, जिसका हिस्सा जिले में बैठे भ्रष्ट में लापरवाह अधकारियों तक भी गुपचुप रूप से पहुंच रहा है।

