गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: वीरवार को एचएसवीपी ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत सेक्टर-21 में अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन को खाली कराया। यह कार्रवाई प्रशासनिक निर्देशों के तहत की गई, जिसमें भारी पुलिस बल की मौजूदगी में इंफोर्समेंट टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण हटाए।
अभियान के दौरान सेक्टर के करीब 125 मकानों के आगे लगी ग्रिल,गेट और सड़क पर बनाए गए अवैध गेटों को जेसीबी मशीनों की मदद से तोड़कर हटाया गया। अधिकारियों के अनुसार, इन ग्रिल और गेट के कारण ग्रीन बेल्ट पर कब्जा हो गया था और सड़क पर अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती थी। जिसके लिए कार्रवाई से पहले विभाग द्वारा दो दिन पहले मुनादी (घोषणा) कर लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाने पर विभाग ने सख्त कदम उठाया।अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि सरकारी कार्य में बाधा डालने या दोबारा कब्जा करने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी और सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी सेक्टर निवासियों से अपील की है कि वे मकानों के आगे लगी ग्रिल और ग्रीन बेल्ट पर किया गया कब्जा तुरंत हटा लें।
इस कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में उपमंडल अभियंता अजमेर सिंह आनन्द जेई, संजीव यादव,ललित व एरिया पटवारी सहित थाना पालम विहार से काफी महिला व पुरुष पुलिसकमी मौजूद रहे।

