गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: निगम क्षेत्र वार्ड तीन के अंतर्गत आने वाले गांव मोलाहेड़ा के निवासियों ने पानी की सप्लाई लाइन में छेड़छाड़ करने को लेकर नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त को शिकायत भेजी है। ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त गांव में पहले ही पानी की किल्लत बनी हुई है,अगर दुबारा इसमें छेड़छाड़ की गई तो जल संकट और गंभीर हो सकता है।शिकायत के अनुसार गांव मोलाहेड़ा निगम के वार्ड-3 के अंतर्गत आता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूर्व पार्षद रविंद्र (पुत्र रमेश) और वर्तमान पार्षद राकेश यादव के बीच राजनीतिक कारणों से गांव में भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। उनका कहना है कि वोटों की राजनीति के चलते गांव के हितों की अनदेखी की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुरानी दिल्ली रोड गुरुग्राम वन सोसायटी के पास से गांव में आने वाली मुख्य पानी सप्लाई लाइन से सेक्टर-22 की ओर एक नई पाइपलाइन डाली जा रही है। इसके लिए पिछले चार दिनों से जेसीबी मशीनों द्वारा खुदाई का कार्य जारी है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि इससे गांव मोलाहेड़ा में पानी की उपलब्धता और कम हो जाएगी, जिससे जल संकट बढ़ सकता है।निवासियों ने नगर निगम से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने और कथित अवैध कार्यवाही पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो गांव और सेक्टर के लोगों के बीच विवाद बढ़ सकता है। वहीं कुछ ग्रामीणों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि गांव में चर्चाएं है कि पूर्व पार्षद व तत्कालीन पार्षद वोटों की राजनीति के चलते गांव में जा रही पानी की लाईन में से सैक्टर 22a की लाइनों में जोड़ना चाहते हैं, जिससे गांव में पानी की सप्लाई पहले से कम हो सकती है।
वहीं पार्षद ने सैक्टर 22a के दो पार्कों में निगम की तरफ दो नए पानी के बोर लगवाए हैं, जबकि गांव में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। वहीं गांव की पंडित किशोर वाली गली में तो पूर्व पार्षद ने जानबूझकर पानी की लाईनें सही लेवल से नहीं डलवा रखीं हैं, जिससे ग्रामीण आए दिन पानी की समस्या से जूझते रहते हैं। काफी शिकायत करने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। वहीं ग्रामीण सोजी, गंगाराम यादव वग़ैरह परिवार ने तो अपने घरों में 6-6 इंच सरकारी पाईप लाईन ही चोरी करके अपने घर में ले जा रखी है।जिसपर ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि क्षेत्र में पानी की सप्लाई सुचारु रूप से बनी रहे और किसी प्रकार का आपसी तनाव उत्पन्न न हो।जब इस बारे में निगम के एसडीओ से बात की तो उनका कहना था कि,सैक्टर में जो पानी के दो नए पार्कों में लगे हैं वह आम सप्लाई के लिए ही लगें हैं, वहीं गांव मोलाहेडा के लिए भी एक पानी ट्यूबवेल पास हो चुका है, जो जल्द ही लगाया जाएगा।

