गुरुग्राम,सतीश भारद्वाज : गुरुग्राम निगम क्षेत्र के गांव डूंडाहेड़ा में एक जर्जर मकान की अचानक छत गिरने से एक किराएदार की मलबे में दबने से मौत हो गई,जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। जिसपर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मकान मालिक और केयरटेकर को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
बीते शुक्रवार को थाना उद्योग विहार पुलिस को सूचना मिली कि गांव डूंडाहेड़ा की स्कूल वालीं गली स्थित एक मकान की अचानक छत गिर गई, जिसमें कई लोग मलबे में दब गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा चुका है। घायलों में एक को डाक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया गया, जबकि तीन अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। मृतक की पहचान सतीश माल्या (निवासी औरंगाबाद, बिहार) के रूप में हुई है, जो डूंडाहेड़ा में जहां यह हादसा हुआ उसी मकान में किराए पर रह रहा था। मृतक के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मकान काफी पुराना और जर्जर हो चुका था, कमरे की छत से बारिश का पानी भी टपकता था, जिसकी शिकायत भी कई बार मकान मालिक और केयरटेकर से की गई थी,लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया था।
हादसा बीते शुक्रवार रात्रि करीब 8:30 बजे हुआ था। जिसमें सतीश मलबे में दब गया और उसकी मौत हो गई। उसके साथ रहने वाला रवि भी घायल हो गया। छत गिरने के साथ मकान का छज्जा भी टूटकर गली में जा गिरा, जिससे वहां से गुजर रहे एक पुरुष और एक महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सम्बंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर शनिवार को मकान मालिक ओमप्रकाश (निवासी डूंडाहेड़ा, गुरुग्राम) और केयरटेकर राकेश (निवासी बक्सर, बिहार) को गिरफ्तार कर लिया है।

