गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : सखी सइयां तो बहुत ही कमात है, महंगाई डायन खाए जात है…। रविवार देर शाम जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जिला शहरी अध्यक्ष के नेतृत्व में महंगाई और गैस की किल्लत को लेकर सरकार के खिलाफ किए गए हल्ला बोल विरोध प्रदर्शन में खूब बजा। माथे पर काली पट्टी बांधे कांग्रेस के नेता, कार्यकर्ता, महिलाएं, पुरुष और सरकार को जगाने के लिए थाली-चम्मच बजाते चल रहे कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार को जमकर कोसा।
कांग्रेस कार्यालय कमान सराय पर एकत्रित होकर हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता, नेता प्रदर्शन करते हुए रवाना हुए। प्रदर्शन में आगे डीजे पर महंगाई के बजते गीत और साथ में कार्यकर्ताओं के बीच सजाई गई घोड़ी की पीठ पर बंधा सिलेंडर आकर्षण का केंद्र रहा। सिलेंडर को सजा-धजाकर घोड़ी पर सवार करके उसकी बारात निकाली गई। कांग्रेस का यह विरोध का एक नया तरीका था। महिलाओं में भी गजब का उत्साह नजर आया। चम्मच-थाली बजाते हुए महिलाएं अपना विरोध जताने में आगे नजर आई। रसोई का बजट संभालने वाली महिलाओं की रसोई से गायब हुए सिलेंडर ने ही सारा बजट बिगाड़ दिया। इसलिए सरकार के खिलाफ नारी शक्ति का एकजुट होकर इस तरह से आना अपने आप में खास रहा। कांग्रेस की कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम गृहणियों ने भी इस प्रदर्शन में भाग लिया और सरकार के खिलाफ अपनी व्यथा को इस प्रदर्शन में सुनाया।
जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि भाजपा की हकीकत यही है कि वह हमेशा चुनावी मोड में ही रहती है। यह बात खुद भाजपा के नेता बोलते हैं। इसलिए भाजपा की सरकारों को आम जनता के हित में सोचने, समझने और करने का समय नहीं है। भाजपा सरकार का हर मुख्यमंत्री, हर मंत्री पूरे पांच साल अपनी पार्टी के लिए काम करता है, ना कि जनता की भलाई के लिए। देश की जनता अब यह बात समझ चुकी है कि भाजपा धोखेबाज पार्टी है। वह कभी भी आम आदमी का भला नहीं कर सकती। धोखा देकर भाजपा वोट दे सकती है। वोट चोरी करके सरकार बना सकती है, लेकिन सरकार बनाकर सुविधाएं नहीं दे सकती।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि सेवा शब्द भाजपा की जुबान पर रहता है, मगर उसकी डिक्शनरी से गायब है। इसलिए सेवा करने का छलावा करके भाजपा आखिर में जनता को दुत्कारने लगती है। उन्होंने कहा कि कहां है भाजपा के वे नेता तो बूथ प्रमुख, पन्ना प्रमुख बनकर लोगों के घरों पर दस्तक देते हैं। उन्हें जनता के बीच जाकर समस्याएं तो पूछनी ही चाहिए। लेकिन वे ऐसा नहीं करेंगें। क्योंकि उन्हें भी पता है कि अब उस दरवाजे से उन्हें धक्के और दुत्कार मिलेगी। जनता सरकार से त्रस्त आ चुकी है। सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए शहरी जिलाध्यक्ष ने कहा कि क्या सरकार का यही नारी सम्मान है जो रसोई से बाहर निकलकर महिलाएं अपने परिवार के साथ सिलेंडर के लिए भटक रही है। क्या सरकार का यही नारी सम्मान है जो महिलाएं महंगाई और सुविधाओं की किल्लत की मार झेलते हुए सडक़ों पर उतरने को मजबूर हुई हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आज दुखी हो रही महिलाएं ही भाजपा की जड़ें हिलाने का काम करेंगी। जिन महिलाओं को भाजपा ने सडक़ पर उतरने को मजबूर किया है, उसी भाजपा को ये महिलाएं सडक़ पर लाकर छोड़ेंगीं।
प्रदर्शन में गुडग़ांव से प्रत्याशी रहे ग्रोवर, हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी, मेयर प्रत्याशी रहीं सीमा पाहुजा, एआईसीसी महिला राष्ट्रीय सचिव सुनीता सहरावत, सीमा हुड्डा कटारिया, सूबे सिंह यादव, नितिन बहवाल, पवन यादव, उदयभान शर्मा आदि ने मजबूती से जनता की समस्याओं को उजागर किया।

