गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : संघ लोक सेवा आयोग द्वारा घोषित सिविल सेवा परीक्षा के परिणामों में देश के कोने-कोने से सफलता प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों की खबरें आ रही है। सेक्टर-22 निवासी युवक **तेजवीर यादव** ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करते हुए **476वीं रैंक** हासिल की है। खास बात यह है कि तेजवीर ने यह सफलता बिना किसी कोचिंग के केवल अपनी मेहनत और अनुशासन के दम पर प्राप्त की। तेजवीर मूलरूप से हरियाणा के जिला महेंद्रगढ़ के गांव अहीर डोगरा के रहने वाले हैं। वर्तमान में सेक्टर-22 में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहते हैं और यही पर एक आईटी कंपनी में कार्यरत हैं। शादीशुदा तेजवीर की तीन साल की एक बेटी भी है, जो उनके साथ ही रहती हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार तेजवीर बेहद मेहनती और सादगीपूर्ण जीवन जीने वाले युवक हैं। उन्होंने लगातार लगभग **17 घंटे प्रतिदिन अध्ययन** कर इस कठिन प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि में उनकी पत्नी का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने हर परिस्थिति में उनका साथ दिया और उन्हें प्रेरित किया। तेजवीर की इस सफलता से जहां गुरुग्राम के सेक्टर-22 में खुशी का माहौल है, वहीं उनके पैतृक गांव अहीर डोगरा में भी लोगों ने खुशी जताई है। परिवार को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है और दूर-दूर से शुभकामना संदेश मिल रहे हैं। सेक्टर-22ए एसोसिएशन के प्रधान प्रमोद यादव ने अपनी टीम के साथ तेजवीर यादव को बुक्के भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तेजवीर की यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

