गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि आगामी 22 मार्च को कांकरौला में आयोजित होने वाली रैली बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास के नए अध्याय की शुरुआत साबित होगी। उन्होंने कहा कि इस रैली के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को विकास की कई महत्वपूर्ण सौगातें मिलने जा रही हैं। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी इस अवसर पर प्रदेश सरकार के तीसरे कार्यकाल में पूरे हो चुके विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे, वहीं क्षेत्रवासियों की मांगों के अनुरूप अनेक नई परियोजनाओं की भी घोषणा की जाएगी।
कैबिनेट मंत्री वीरवार को सेक्टर-22 बी स्थित कम्यूनिटी सेंटर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। यह सम्मेलन आगामी 22 मार्च को प्रस्तावित मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की रैली को लेकर आयोजित किया गया था। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे क्षेत्र के प्रत्येक गांव, वार्ड और कॉलोनी तक पहुंचकर अधिक से अधिक लोगों को रैली में आमंत्रित करें, ताकि यह रैली ऐतिहासिक और जनसमर्थन का नया रिकॉर्ड स्थापित करने वाली साबित हो सके। सम्मेलन को संबोधित करते हुए उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि गुरुग्राम तेजी से विकसित होता हुआ महानगर है। शहर के विस्तार और विकास की रफ्तार बढ़ने के साथ-साथ कई नई चुनौतियां और समस्याएं भी सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार इन समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है और योजनाबद्ध तरीके से उनका धरातल पर निवारण किया जा रहा है। राव ने आमजन से आह्वान किया कि वे गुरुग्राम को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि नागरिक अपने घरों और संस्थानों से निकलने वाले कचरे को निगम द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, पॉलिथीन के प्रयोग से बचें तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की आदत अपनाएं।
उन्होंने बताया कि पॉलिथीन का अत्यधिक उपयोग जहां सीवर व्यवस्था को प्रभावित करता है, वहीं यह पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।राव नरबीर सिंह ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रदेश सरकार की पारदर्शी और मेरिट आधारित भर्ती व्यवस्था का सबसे अधिक लाभ दक्षिण हरियाणा के युवाओं को मिला है। पहले क्षेत्रीय भेदभाव और सिफारिश-प्रणाली के कारण योग्य युवाओं को उनका अधिकार नहीं मिल पाता था, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने “बिना पर्ची-बिना खर्ची” की नीति लागू कर भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है। इसके परिणामस्वरूप हजारों युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि दक्षिण हरियाणा के युवा पहले भी प्रतिभाशाली और मेहनती थे, लेकिन अब उन्हें अपनी काबिलियत साबित करने के लिए समान अवसर मिल रहे हैं, जिससे क्षेत्र का युवा सशक्त होकर प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
कैबिनेट मंत्री ने यूपीएससी 2025 में 476वीं रैंक प्राप्त करने पर तेजवीर यादव को किया सम्मानित
सम्मेलन के दौरान हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने यूपीएससी 2025 के परिणाम में 476वीं रैंक प्राप्त करने वाले तेजवीर यादव को सम्मानित कर उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। राव नरबीर सिंह ने कहा कि तेजवीर यादव की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही ऐसी सफलता प्राप्त होती है। राव ने कहा कि तेजवीर यादव जैसे युवा आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी सिविल सेवा जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

