चंडीगढ़, सतीश भारद्वाज: रविवार को चण्डीगढ़ में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर वॉकाथॉन का आयोजन किया गया। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (सीजेआई) सूर्यकांत ने वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाकर स्वयं भी करीब 2.5 किलोमीटर तक पैदल चले। वहीं पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश शील नागू भी उनके साथ पैदल वॉकाथॉन में साथ रहे।महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से कराई गई वॉकाथॉन सुखना लेक स्थित पुलिस पोस्ट से शुरू होकर ओपन हैंड मॉन्यूमेंट पर समाप्त हुई।
इस मौके पर बड़ी संख्या में न्यायिक अधिकारियों और वकीलों की मौजूदगी रही। सीजेआई ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि चंडीगढ़ में सुबह की वॉक बहुत अच्छी लगी। महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढे। इसी मकसद से अपना योगदान दिया। वहीं रजिस्ट्री सिस्टम में महिलाओं के योगदान के सवाल पर सीजेआई ने जवाब दिया कि हम इसका आदरपूर्वक सम्मान करते हैं। पूरा विश्वास है कि हमारी बहनें, बेटियां और माताएं रजिस्ट्री सिस्टम में अपने पराक्रम भरे योगदान को जारी रखेंगी।

