
गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में केंद्रीय बजट 2026-27 पेश किए किए बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रामराजी शर्मा ने कहा कि इस सर्वहितकारी बजट से देश के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि औपनिवेशिक काल के ब्रीफकेस से शुरू हुआ यह सफर अब डिजिटल टैबलेट और मोबाइल ऐप तक पहुंच चुका है। 2019 में बही खाता पेश कर स्वदेशी परंपरा को जीवित करने वाली सीतारमण ने 2021 में पेपरलेस बजट की शुरुआत कर एक नए युग का आगाज किया। यह बदलाव तकनीक के साथ कदम मिलाते भारत की एक सशक्त तस्वीर पेश करता है।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता श्री शर्मा ने कहा कि यह बदलाव केवल प्रतीकात्मक नहीं था, बल्कि भारतीय संस्कृति और स्वदेशी गौरव का संदेश था। व्यापारियों द्वारा सदियों से उपयोग किए जाने वाले बहीखाते ने संसद में विदेशी ग्लैडस्टोन बॉक्स की जगह ली, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण मनोवैज्ञानिक कदम साबित हुआ। उन्होंने कहा कि बजट में देश में 7 नए हाईस्पीड रेल कॉरिडोर बनाने की बड़ी घोषणा की है, ये कॉरिडोर भारत के प्रमुख शहरों को तेज और बेहतर तरीके से जोड़ेंगे, इससे यात्रा का समय बहुत कम हो जाएगा और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा शिक्षा के क्षेत्र में वित्त मंत्री ने बड़े ऐलान करते हुए 15000 सैकेंडरी स्कूल और 500 कॉलेज खोले जाएंगे, हर जिले में गल्र्स हॉस्टल खोले जाएंगे, ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद बनाए जाएंगे। शर्मा ने कहा कि विकसित भारत के लिए बैंकिंग पर उच्च स्तरीय समिति के गठन, विद्युत वित्त निगम और ग्रामीण विद्युतीकरण निगम के पुनर्गठन का प्रस्ताव रखा गया है। विदेशी मुद्रा प्रबंधन नियमावली की व्यापक समीक्षा के साथ कॉरपोरेट बॉन्ड्स पर पूर्ण रिटर्न स्वैप शुरू करने के साथ-साथ प्रस्ताव व बड़े शहरों में अधिक मूल्य के म्युनिसिपल बॉन्ड को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हरियाणा कृषि प्रधान राज्य है। बजट में ग्रामीण अर्थव्यवस्था, फसल विविधीकरण, पानी संरक्षण और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर है। रेयर अर्थ मिनरल्स, क्रिटिकल मिनरल्स और बायोफार्मा जैसे क्षेत्रों में नए प्लान से हरियाणा के किसानों और एग्री-इंडस्ट्री को फायदा होगा। राज्य की मेरा पानी-मेरी विरासत जैसी योजनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर समर्थन मिलेगा। इसके साथ-साथ बजट में मेडिकल टूरिज्म, स्किल डेवलपमेंट, कार्बन कैप्चर और कंटेनर मैन्युफैक्चरिंग पर फोकस किया गया है। महंगाई नियंत्रण, टैक्स सरलीकरण और मध्यम वर्ग को राहत से हरियाणा के नागरिकों को भी फायदा होगा। बायोफार्मा और लाइफ साइंसेज में 10000 करोड़ के नए इनिशिएटिव राज्य के हेल्थ सेक्टर को मजबूत करेंगे।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह बजट विकसित भारत 2047 के विजन को साकार करने में हरियाणा को ग्रोथ इंजन बनाने की दिशा में मजबूत कदम है। डबल इंजन सरकार की सांझेदारी से राज्य में इंफ्रा, रोजगार, समृद्धि और युवा शक्ति को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा है कि केंद्र का यह बजट हरियाणा की प्रगति को और तेज करेगा, लोगों तक विकास की लहर पहुंचेगी।
