
गुरुग्राम,सतीश भारद्वाज :गुरुग्राम के सदर बाजार तथा आसपास की रिहायशी कालोनी में सरकारी जमीनों पर लगातार भ्रष्टाचार व मिलीभगत से किए जा रहे अवैध कब्जा व निर्माण की शिकायतें निगम के पास लंबे समय से पहुंच रही हैं परंतु एमसीजी में बैठे भ्रष्ट व लापरवाह अधिकारी सबकुछ जानते हुए कुंभ करणी नींद में सोए हुए है। जिससे भूमाफियाओ के हौसले बुलंद हो रहे हैं। जिसपर एक जागरूक शहरवासी ने आरटीआई के तहत जानकारी मांगी तो सूचना अधिकारी ने आधा अधूरा जवाब देकर पल्ला झाड़ लिया। जिसकी द्वितीय अपील हरियाणा सूचना आयोग में करने पर आयोग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निगम के अधिकारियों को बेलेबल वारंट जारी कर जवाब मांगा है
मिली जानकारी के अनुसार एक जागरूक शहरवासी ने आरटीआई एक्ट 2005 के तहत नगर निगम के जन सूचना अधिकारी से आवेदन देकर जानकारी मांगी थी। अधिकतर सुचनाएं जोन 2 एनफोर्समेंट , कराधान अधिकारी,टाउन प्लानिंग नगर निगम ,तहसीलदार नगर निगम, कराधान अधिकारी मुख्य सभी को सूचना देने की जिम्मेवारी दी गई थी,परंतु भ्रष्टाचार के चलते किसी भी शाखा ने समय अवधि में सूचना उपलब्ध नहीं करवाई। जिसपर आवेदक ने हरियाणा सूचना आयोग का दरवाजा खटखटाया था। जिसपर राज्य सूचना आयुक्त मोहदय ने गंभीरता से लिया और बार-बार की मोहलत देने के उपरांत भी सूचना न देने और आयोग में न उपस्थित होने के कारण अब्दुल हक नायब तहसीलदार, नगर निगम गुरुग्राम सतीश पाराशर चीफ टाउन प्लानर नगर निगम, गुरुग्राम समीर श्रीवास्तव क्षेत्रीय कराधान अधिकारी मुख्यालय, गुरुग्राम संजोग शर्मा अस्सिटेंट इंजीनियर एनफोर्समेंट गुरुग्राम के खिलाफ वारंट जारी कर संबंधित पुलिस को भी सूचित किया है ।
गौरतलब है कि इसमें से एक अधिकारी सतीश पाराशर नगर निगम गुरुग्राम में भ्रष्टाचार पकड़ने के लिए गठित इंटरनल एनफोर्समेंट के अध्यक्ष भी रहे हैं। जो अब नगर निगम गुरुग्राम में तैनात नहीं है।
बता दें कि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने सैक्टर 21 में आयोजित कार्यक्रम में सार्वजनिक रूप से कहा था कि गुरुग्राम में एक जिला नोडल अधिकारी आरएस भाट लगाया गया है। जिले में सभी जगह तोड़फोड़, अतिक्रमण,अवैध कब्जे हटाना अब उनका काम है। लेकिन सूचना आयोग द्वारा निगम अधिकारियों को जारी किए गए वारंट के नोटिस से यह बात एकदम साफ झलक रही है कि नेताओं और अधिकारियों की कथनी-करनी में कितना अंतर है। मामले की अगली सुनवाई के लिए तारीख 26 फरवरी 2026 लगी है।
