गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज : नगर निगम गुरुग्राम की जोन-2 प्रवर्तन टीम ने अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए ज्योति पार्क क्षेत्र में एक अवैध बिल्डिंग को ध्वस्त करने के साथ ही सील भी किया। इसके साथ ही, शिवपुरी, ज्योति पार्क और बलदेव नगर की लगभग 10 गलियों में बने अवैध रैंप को भी हटा दिया गया।
इस कार्रवाई को सहायक अभियंता यतेन्द्र तंवर और कनिष्ठ अभियंता प्रदीप वर्मा की देखरेख में पुलिस बल की सहायता से पूरा किया गया। निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में अवैध निर्माण और अवैध कब्जों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति बनाए गए निर्माण और सडक़ों पर रैंप जैसी बाधाएं न केवल अवैध हैं, बल्कि स्थानीय नागरिकों के आवागमन में भी समस्या उत्पन्न करती हैं। इसलिए ऐसे किसी भी उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

