गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: शहर में निर्माण एवं तोड़फोड़ (सीएंडडी) से निकलने वाले मलबे का वैज्ञानिक और व्यवस्थित तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम गुरुग्राम ने सख्त कदम उठाए हैं। निगम ने सार्वजनिक सूचना जारी कर अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी सीएंडडी वेस्ट उत्पादकों, बल्क वेस्ट जनरेटरों, बिल्डरों, डेवलपरों, कॉलोनाइजरों, परियोजना संचालकों, सरकारी विभागों, एजेंसियों, उनके ठेकेदारों और परिवहनकर्ताओं के लिए एमसीजी सीएंडडी वेस्ट पोर्टल पर पंजीकरण तथा वेस्ट मैनेजमेंट प्लान की स्वीकृति अनिवार्य कर दी है। उक्त जानकारी निगम प्रवक्ता सतबीर रोहिल्ला की तरफ़ से जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई है।
नगर निगम की ओर से जारी सूचना के अनुसार, निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2016 तथा हरियाणा नगर निकाय सीएंडडी वेस्ट प्रबंधन नीति, 23 नवंबर 2020 के तहत बल्क जनरेटरों के लिए काम शुरू करने से पहले वेस्ट मैनेजमेंट प्लान की मंजूरी लेना और मलबे को केवल अधिसूचित सुविधाओं पर पहुंचाना पहले से आवश्यक था। अब इन नियमों को पर्यावरण (निर्माण और तोड़फोड़) वेस्ट प्रबंधन नियम 2025 ने प्रतिस्थापित कर दिया है, जो 1 अप्रैल 2026 से प्रभावी हैं। इसके बावजूद गुरुग्राम में कई संबंधित पक्षों द्वारा नियमों और नीति का पालन नहीं किए जाने की बात सामने आई है।
*काम शुरू करने से पहले लेनी होगी प्लान की मंजूरी*
निगम ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार का निर्माण, पुनर्निर्माण, तोड़फोड़ या नवीनीकरण कार्य शुरू करने से पहले संबंधित पक्ष को अपना वेस्ट मैनेजमेंट प्लान एमसीजी से स्वीकृत करवाना होगा। जो परियोजनाएं पहले से चल रही हैं और जिनके पास स्वीकृत प्लान नहीं है, उन्हें 7 दिनों के भीतर पोर्टल पर अपना प्लान जमा करना अनिवार्य होगा। इसके लिए संबंधित पक्ष नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट www.mcg.gov.in पर जाकर सर्विसेज सेक्शन में सीएंडडी वेस्ट सर्विसेज के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
*मलबे का परिवहन ढकी हुई गाड़ियों में करना होगा*
सार्वजनिक सूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि सीएंडडी वेस्ट उत्पादकों और बल्क वेस्ट जनरेटरों को अपना पूरा मलबा स्वयं ढकी हुई गाड़ियों में नगर निगम के अधिकृत सीएंडडी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट बसई या किसी अन्य निर्धारित स्थल पर पहुंचाना होगा। इसके लिए पोर्टल पर बुकिंग करवाना और पोर्टल से जनरेट चालान के आधार पर ही मलबा जमा करना अनिवार्य होगा। निगम ने स्पष्ट किया है कि बल्क वेस्ट जनरेटरों और सीएंडडी वेस्ट उत्पादकों के लिए घर-द्वार से मलबा उठाने की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसलिए संबंधित एजेंसियों और निर्माणकर्ताओं को मलबे के संग्रहण, परिवहन और निस्तारण की व्यवस्था स्वयं सुनिश्चित करनी होगी।
*नियमों का उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई*
नगर निगम ने चेतावनी दी है कि निर्धारित नियमों का पालन नहीं करने वालों के विरुद्ध बिना किसी अतिरिक्त नोटिस के कार्रवाई की जा सकती है। इसमें सीएक्यूएम के निर्देशों के तहत निर्माण कार्य रुकवाना या साइट बंद करना, नियमों के उल्लंघन की अवधि के प्रत्येक दिन के लिए पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाना तथा हरियाणा नगर निगम अधिनियम 1994 और संबंधित उपनियमों के तहत जुर्माना शामिल है। इसके अतिरिक्त, मामले को डीटीसीपी और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पास भेजा जा सकता है। ऐसे मामलों में ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट और कंप्लीशन सर्टिफिकेट रोके जाने तथा पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986 की धारा 15 और सीएक्यूएम अधिनियम, 2021 के तहत अभियोजन की कार्रवाई भी की जा सकती है।
*पंजीकरण और जानकारी के लिए संपर्क करें*
नगर निगम ने सभी संबंधित पक्षों से अपील की है कि वे समय रहते पोर्टल पर पंजीकरण करवाएं, वेस्ट मैनेजमेंट प्लान की मंजूरी लें और सीएंडडी वेस्ट का निस्तारण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही करें। अधिक जानकारी के लिए पोर्टल और टोल फ्री हेल्पलाइन 1800-180-1817 पर संपर्क करें।

