गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: शहर को खुले में घूमने वाले पशुओं से मुक्त बनाने, सफाई व्यवस्था को मजबूत करने और वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम द्वारा विशेष अभियान चलाया जाएगा। निगमायुक्त डॉ. पंकज ने स्पष्ट किया कि शहर में खुले में घूमने वाले पशुओं को पकड़कर सुरक्षित रूप से गौशालाओं एवं नंदीशालाओं में भेजा जाएगा। अभियान के दौरान बाधा उत्पन्न करने वालों से निपटने के लिए पुलिस बल की सहायता भी ली जाएगी।
निगमायुक्त डॉ. पंकज ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक कर निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने शहर की स्वच्छता, पशु प्रबंधन, स्ट्रीट डॉग्स के प्रबंधन और धूल एवं वायु प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
*खुले में घूमने वाले पशुओं पर होगी कार्रवाई*
निगमायुक्त ने कहा कि शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खुले में घूमने वाले पशुओं के कारण आमजन को असुविधा होती है और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। इसे देखते हुए नगर निगम द्वारा प्रभावी अभियान चलाकर ऐसे पशुओं को पकड़ने और उन्हें सुरक्षित रूप से गौशालाओं एवं नंदीशालाओं में भेजने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस बल का सहयोग लेने के निर्देश दिए।
*पशु डेयरी का होगा सर्वे, गोबर प्रबंधन पर विशेष जोर*
डॉ. पंकज ने शहर में संचालित डेयरियों का सर्वे कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं को खुले में छोड़ने के बजाय अपने परिसर के अंदर सुरक्षित रूप से बांधकर रखें। साथ ही पशुओं के गोबर का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोबर को नालियों या सीवरेज में बहाना उचित नहीं है, क्योंकि इससे नालियां और सीवर जाम होने की समस्या उत्पन्न होती है। निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पशुओं के गोबर के सुरक्षित एवं उचित निस्तारण की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि शहर की जल निकासी और सीवरेज व्यवस्था प्रभावित न हो।
*स्ट्रीट डॉग्स के स्टरलाइजेशन और टीकाकरण में लाई जाएगी तेजी*
बैठक में स्ट्रीट डॉग्स के प्रबंधन पर भी चर्चा हुई। निगमायुक्त ने अधिकारियों को स्ट्रीट डॉग्स के स्टरलाइजेशन और टीकाकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही डॉग शेल्टर के निर्माण की प्रक्रिया को भी तेज करने को कहा, ताकि इस दिशा में आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर विकसित की जा सकें।
*सभी 22 रोड स्वीपिंग मशीनें चलाने के निर्देश*
शहर में धूल प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए निगमायुक्त ने रोड स्वीपिंग मशीनों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने और उनकी निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 22 नवंबर तक सभी 22 रोड स्वीपिंग मशीनें संचालित हो जानी चाहिएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मशीनों के संचालन की नियमित निगरानी की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रमुख सड़कों पर मैकेनाइज्ड सफाई प्रभावी ढंग से हो। इसके अतिरिक्त धूल नियंत्रण के लिए वाटर स्प्रिंकलिंग और मुख्य सड़कों की धुलाई का कार्य भी प्रभावी रूप से किया जाए, ताकि सड़कों पर जमा धूल को हटाया जा सके और उसके हवा में फैलने की संभावना कम हो।
*कचरा जलाने पर रोक के लिए वार्डवार पेट्रोलिंग टीमें*
शहर में खुले में कचरा जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए निगमायुक्त ने वार्डवार पेट्रोलिंग टीमें गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन टीमों के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखी जाए, ताकि कचरा जलाने की घटनाओं की पहचान कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
*स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त शहर का लक्ष्य*
निगमायुक्त डॉ. पंकज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पशु प्रबंधन, डेयरी सर्वे, गोबर निस्तारण, स्ट्रीट डॉग्स के स्टरलाइजेशन एवं टीकाकरण, मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग और कचरा जलाने पर रोक जैसे सभी कार्यों को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने कार्यों की प्रभावी निगरानी और निर्धारित समयसीमा में क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। नगर निगम गुरुग्राम का उद्देश्य शहर को खुले में घूमने वाले पशुओं की समस्या से मुक्त बनाने के साथ-साथ स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करना, धूल एवं वायु प्रदूषण को नियंत्रित करना और नागरिकों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर शहरी वातावरण उपलब्ध कराना है।

