गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: पुराना दिल्ली मारुति रोड पर वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। मारुति कम्पनी से आगे पालम विहार मोड़ के पास पुलिया और नाले का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बुधवार को इस मार्ग पर यातायात बहाल कर दिया गया है। जिससे सड़क बंद होने के कारण पिछले कई दिनों से वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा था। अब रास्ता खुलने से इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी सुचारू होने की उम्मीद है। जिससे नजफगढ़ तथा द्वारका की तरफ आने जाने वाले विजीटर्स को राहत मिली है।

गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की ओर से ओल्ड दिल्ली रोड पर मास्टर स्टॉर्म वाटर ड्रेन (लेग-1) के तहत पुलिया और नाले के निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। इसके लिए 23 अक्तूबर से सुशील ऐमा मार्ग के मोड़ पर पालम विहार चौक के नजदीक सड़क को यातायात के लिए बंद कर दिया गया था। निर्माण कार्य के चलते इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। सड़क बंद होने के कारण यातायात का दबाव दूसरे रास्तों पर बढ़ गया था और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग रहा था।जीएमडीए के अधिकारियों के अनुसार, पुलिया और नाले का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बुधवार को सड़क निर्माण का कार्य भी पूरा कर लिया गया। इसके बाद मार्ग को दोबारा वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया गया। जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता विक्रम सिंह ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा होने के साथ ही यातायात बहाल कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत पुलिया की क्षमता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। पहले पुलिया में पानी की निकासी के लिए दो बैरल बने हुए थे, जिनकी संख्या बढ़ाकर अब तीन कर दी गई है। इससे मास्टर स्टॉर्म वाटर ड्रेन (लेग-1) में बरसाती पानी की निकासी क्षमता बढ़ेगी। बारिश के दौरान पानी की निकासी पहले की तुलना में बेहतर हो सकेगी। इसके अलावा नाले के अंदर मौजूद यूटिलिटी को भी बाहर शिफ्ट कर दिया गया है, जिससे नाले के निर्माण और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। मार्ग खुलने से पालम विहार चौक और ओल्ड दिल्ली रोड से आवागमन करने वाले वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है। निर्माण कार्य के कारण वाहन चालको को वैकल्पिक रास्तों से होकर गुजरना पड़ रहा था, जिससे सैक्टर 21, 22, 23 तथा गांव मोलाहेडा गुरुद्वारा वाली सड़क पर अक्सर जाम लगा था, जिससे क्षेत्र वासियों को काफी परेशानीयो का सामना करना पड़ रहा था, वहीं अपने दफ्तरों में भी समय पर नहीं पहुंच रहें थे। अब राहत मिलने की उम्मीद है,वाहन चालक अब इस मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। वहीं पुलिया में एक अतिरिक्त बैरल बनाए जाने से भविष्य में बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
