गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: नगर निगम गुरुग्राम द्वारा नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निपटान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सीएम विंडो एवं जन संवाद ग्रीवेंस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की गई। अतिरिक्त निगमायुक्त एवं नोडल अधिकारी पूजा चांवरिया की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी जोन के कनिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अतिक्रमण शाखाओं में लंबित शिकायतों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई और उनके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।समीक्षा के दौरान सामने आया कि अतिक्रमण शाखाओं में काफी शिकायतें लंबित हैं। इन शिकायतों के समयबद्ध निपटान को प्राथमिकता देते हुए श्रीमती पूजा चांवरिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक शिकायत पर अगले तीन दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा की गई कार्रवाई की रिपोर्ट निर्धारित समयसीमा में प्रस्तुत करें।
*शिकायतों के निपटान में जवाबदेही पर जोर*
अतिरिक्त निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को केवल लंबित सूची से हटाने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि प्रत्येक मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए उसकी स्थिति स्पष्ट रूप से दर्ज की जाए। संबंधित अधिकारी शिकायतों की प्रकृति और मौके की स्थिति के अनुसार कार्रवाई करें, ताकि नागरिकों को उनकी शिकायतों पर हुई प्रगति की जानकारी मिल सके। बैठक में सभी जोन के कनिष्ठ अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई पूरी करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। तीन दिन के भीतर एटीआर प्रस्तुत करने के निर्देश का उद्देश्य शिकायतों के निपटान की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित, जवाबदेह और समयबद्ध बनाना है।
*नागरिकों को बेहतर सेवाएं देना प्राथमिकता*
सीएम विंडो और जन संवाद ग्रीवेंस पोर्टल नागरिकों की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाने और उनके समाधान की प्रगति की निगरानी करने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इन पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा से प्रशासनिक जवाबदेही मजबूत करने और नागरिकों की समस्याओं के समाधान में तेजी लाने में मदद मिलती है। नगर निगम गुरुग्राम का प्रयास है कि नागरिकों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई हो तथा प्रत्येक संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का समयबद्ध निर्वहन करे। अतिक्रमण से संबंधित लंबित शिकायतों की समीक्षा और तीन दिन में कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे शिकायतों के निपटान में तत्परता बरतें और कार्रवाई की रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करें, ताकि लंबित मामलों की प्रभावी निगरानी की जा सके और नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

