गुरुग्राम,सतीश भारद्वाज : हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल में दक्षिण हरियाणा में विकास की नई इबारत लिखी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही विकास संबंधी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की भावना को धरातल पर उतारते हुए दक्षिण हरियाणा में सड़क, पेयजल, सीवरेज, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को गति दी है।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह शनिवार को ग्राम पंचायत सकतपुर एवं हसनपुर में विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास एवं उद्घाटन कार्यक्रम के अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों एवं आसपास की सरदारी ने फूलमालाओं तथा पगड़ी पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं नागरिक अभिनंदन किया।राव नरबीर सिंह ने कार्यकम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का ध्येय है कि हरियाणा की जनता ने जिस विश्वास के साथ भारतीय जनता पार्टी को लगातार तीसरी बार प्रदेश की सेवा का अवसर दिया है, सरकार उससे भी अधिक विकास और जनकल्याण के रूप में जनता को लौटाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास ‘कबीर कुटीर’ के दरवाजे आमजन के लिए 24 घंटे खुले हैं और सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार विकास को केवल शहरों तक सीमित न रखकर गांवों में भी आधुनिक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।कैबिनेट मंत्री ने शुक्रवार को गांव सकतपुर एवं हसनपुर में सीवरेज कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने गांव सकतपुर में सामुदायिक भवन का भी उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि पंचग्राम योजना के तहत ग्राम पंचायत टीकली, अकलीमपुर, गैरतपुर, सकतपुर तथा हसनपुर में सीवरेज एवं पेयजल सुविधाओं के विकास पर करीब 65 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इस योजना के माध्यम से इन गांवों में आधारभूत नागरिक सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा तथा ग्रामीणों को बेहतर एवं व्यवस्थित सीवरेज व्यवस्था उपलब्ध होगी। सकतपुर और हसनपुर में सीवरेज का कार्य शुरू होने के साथ ही पंचग्राम योजना के कार्यों को भी गति मिल गई है।
मंत्री राव ने कहा कि गांवों में सीवरेज व्यवस्था विकसित करने के साथ-साथ जल संरक्षण और भूजल स्तर को रिचार्ज करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एसटीपी से उपचारित पानी का उपयोग जोहड़ों में जल संरक्षण के लिए किया जाएगा, जिससे वर्षा जल के साथ-साथ उपचारित पानी के माध्यम से भूजल स्तर को रिचार्ज करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी स्थायी व्यवस्थाएं विकसित करना है, जिनसे स्वच्छता, जल संरक्षण और बेहतर नागरिक सुविधाओं का लाभ ग्रामीणों को लंबे समय तक मिल सके।इस अवसर पर गांव सकतपुर में सरपंच छत्रपाल, पूर्व सरपंच प्रीतम, शाहिद तथा हाजी हजमत, हाकिम नंबरदार, डॉ शेरसिंह गिरवर, गांव हसनपुर में जिला कष्ट निवारण समिति सदस्य सुभाष बोकन, अजीत बोकन, हरि एडवोकेट, सरपंच बिजन, जीतराम सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।


