गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर में अतिक्रमण और अनाधिकृत कब्जों के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को निगम की विभिन्न टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की तथा सार्वजनिक स्थानों को व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया।

निगम टीम ने जोन-3 के धनवापुर क्षेत्र में इंफोर्समेंट ड्राइव चलाकर दुकानों, होटलों एवं सड़क किनारे ढाबों से जुड़े अस्थायी शेड एवं अन्य अनधिकृत अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई का उद्देश्य सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों को बाधामुक्त कर नागरिकों की आवाजाही को सुगम बनाना रहा। सेक्टर-56/57 डिवाइडिंग रोड, हांगकांग मार्केट के पास और सेक्टर 34 में भी नगर निगम की टीम द्वारा इंफोर्समेंट कार्रवाई की गई। सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमणों को हटाकर क्षेत्र में आवागमन को बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाया गया।
वहीं शहर की न्यू कॉलोनी क्षेत्र में भी नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अनाधिकृत कब्जों, रैंप, सीढ़ियों एवं अन्य प्रकार के अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की गई। निगम द्वारा स्पष्ट किया गया कि सार्वजनिक रास्तों, सड़कों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों का उपयोग निजी गतिविधियों अथवा अनधिकृत विस्तार के लिए नहीं किया जा सकता।नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया के अनुसार विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। सड़कों, फुटपाथों एवं सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नियमित निगरानी एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
