गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: मानेसर निगम की सदन बैठक में मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। पार्षदों ने जहां एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए, वहीं आपस में धक्का-मुक्की, गाली-गलौज व हाथापाई तक भी हुई। सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन यादव ने सदन बैठक के दौरान हाथापाई कराने और महिला पार्षदों के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। सीनियर डिप्टी मेयर का आरोप है कि उन्हें इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई। महिला पार्षदों के साथ धक्का मुक्की और गाली गलौज की गई। मामले में दोनों पक्ष मेयर और सीनियर डिप्टी मेयर पक्ष की ओर से आईएमटी मानेसर थाना पुलिस को शिकायत दी गई है।
पुलिस को दी शिकायत में बताया गया है कि मेयर ने सदन की साधारण बैठक बुलाई थी। यह बैठक सरकारी कार्यालय की बजाय अपने निजी कार्यालय पर बुलाई गई थी। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रदीप मलिक, निगम के अधिकारी, 18 निर्वाचित पार्षद और तीन मनोनीत पार्षद मौजूद थे। बैठक के दौरान मेयर पक्ष और सीनियर डिप्टी मेयर पक्ष के पार्षदों के बीच तीखी बहस हुई।आरोप है कि बहस के बाद कुछ बाहरी लोग और निजी सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंच गए और महिला पार्षदों के साथ धक्का-मुक्की की गई। डिप्टी मेयर रीमा चौहान ने आरोप लगाया कि उनके साथ भी बदसलूकी की गई और उनका हाथ पकड़ा गया। वहीं, पार्षद सुमन यादव के साथ भी धक्का-मुक्की किए जाने का आरोप लगाया गया है।वहीं एक पार्षद ने आरोप लगाया कि जब वह बैठक से बाहर निकल रहे थे तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने उनके साथ हाथापाई की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
उन्होंने बताया कि किसी तरह वह वहां से बाहर निकले। इसके बाद भी कुछ दबंग लोगों ने उन्हें धमकी और डराने का प्रयास किया।शिकायत में इस मामले को गंभीर बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों के साथ इस तरह का व्यवहार गलत है और दोषी लोगों के खिलाफ जांच कर उचित कार्रवाई होनी चाहिए। आईएमटी मानेसर थाना पुलिस ने कहा कि दोनों पक्षों की तरफ से शिकायत दी गई है। जांच चल रही है।
