गुरुग्राम, सतीश भारद्वाज: जिला प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से संचालित किए जा रहे समाधान शिविर नागरिकों के लिए भरोसेमंद मंच साबित हो रहे हैं। डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों का सुनियोजित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।इसी क्रम में वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में एडीसी सोनू भट्ट ने नागरिकों की शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में राजस्व, नगर निकाय, बिजली, जल निकासी सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं।
एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के प्रति पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है और प्रत्येक शिकायत की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का तथ्यों के आधार पर परीक्षण करते हुए उसका समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि आमजन को सभी सरकारी सेवाएं सरल, पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था के माध्यम से उपलब्ध हों तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।
एडीसी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उपमंडल स्तर पर भी नियमित रूप से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। संबंधित अधिकारियों की अध्यक्षता में प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहते हैं, जिससे शिकायतों का मौके पर ही समाधान करने की प्रक्रिया को गति मिलती है।एडीसी सोनू भट्ट ने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए समाधान शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर जनसेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में सहयोग करें।

