हिसार, सतीश भारद्वाज : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल की बुधवार को 15वीं पुण्यतिथि है। इस अवसर पर बिश्नोई परिवार की ओर से आदमपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम रखा गया। जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी शामिल हुए। उन्होंने समाधि स्थल की परिक्रमा कर नमन किया। सीएम ने बिश्नोई परिवार के साथ करीब आधा घंटा तक समय बिताया। जिसके बाद वो पत्रकारों से बिना बात किए ही चले गए।बता दें कि हाल ही में पिछले दिनों भाजपा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा के चौधरी भजनलाल पर दिए गए बदमाशी वाले बयान से उनके बेटे कुलदीप बिश्नोई पार्टी से काफी नाराज थे। जबकि सांसद रेखा शर्मा के सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने के बाद कुलदीप ने भी उन्हें माफ कर दिया है। लेकिन नाराजगी अभी भी बनी हुई दिखाई दे रही है।

कार्यक्रम के बाद कुलदीप बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कहा- मैं अपने पिता चौधरी भजनलाल को लेकर दिए गए बयान से आहत था और इस मुद्दे पर बड़ा फैसला लेने वाला था। भाजपा सांसद रेखा शर्मा का माफी वाला वीडियो मुझे दो दिन पहले ही मिल गया था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने तुरंत उन्हें माफे नहीं किया। उन्होंने कहा कि रेखा शर्मा का वीडियो सामने आने के बाद मैंने समर्थकों के साथ बैठक की और उनकी राय जानी। इसके बाद सोच-समझकर अपना वीडियो रिकॉर्ड किया और भेजा। तभी दोनों वीडियो एक साथ सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए। कुछ लोग यह कह रहे हैं कि मैंने रेखा शर्मा को तुरंत माफ कर दिया, लेकिन ऐसा नहीं है। माफ करने वाला हमेशा बड़ा होता है।
वहीं श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे चौधरी भजनलाल के समर्थक बलवंत ने कहा, “हम इस परिवार के साथ हैं। भजनलाल परिवार से हमारी भावनात्मक जुड़ाव है। हमारी किसी से कोई नाराजगी नहीं है और न ही हमें किसी पार्टी से कोई लेना-देना है। यह परिवार जहां जाएगा, हम भी उसके साथ खड़े रहेंगे।”वहीं हरियाणा, पंजाब, दिल्ली व राजस्थान राज्य से उनके समर्थक व राजनीतिक दलों के नेताओं ने आकर पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल को श्रद्धांजलि देकर याद किया। समर्थको का कहना था कि चौधरी भजनलाल 36 बिरादरी के नेता थे और उनका कोई मुकाबला नहीं कर सकता था। उन्होंने कहा, “आज मुख्यमंत्री नायब सैनी का कार्यक्रम में आना अच्छा लगा। हम हर साल उनकी पुण्यतिथि में शामिल होते हैं। चौधरी भजनलाल ने क्षेत्र और प्रदेश के लिए बहुत काम किए हैं।

